फतेहाबाद। सीआईए टीम ने जाखल क्षेत्र से राजस्थान के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों की तलाशी उपरांत उनके कब्जे से पुलिस ने लाखों रुपये की दो किलो 100 ग्राम अफीम बरामद की है। दोनों के खिलाफ थाना जाखल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए जांच अधिकारी एएसआई विजय ने बताया कि सीआईए फतेहाबाद पुलिस की टीम एएसआई प्रेम कुमार के नेतृत्व में गश्त के दौरान तलवाड़ा की तरफ जा रही थी। जब पुलिस डेरा सच्चा सौदा जाखल के पास पहुंची तो सामने दो युवक बैग लिए खड़े थे। पुलिस के पूछताछ करने पर युवकों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों को काबू कर लिया और पूछताछ की तो इन्होंने अपने नाम रामरख निवासी बिश्नोईयों की ढाणी हेमनगर जोलियाली जिला जोधपुर व रामस्वरूप निवासी डारो की ढाणी हेमनगर जोलियाली जिला जोधपुर (राजस्थान) बताया।
पुलिस ने जब दोनों के बैग की तलाशी ली तो उनके कब्जे से दो किलो 100 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि हम यह अफीम राजस्थान के जोधपुर से लेकर आए थे और यहीं पर सप्लाई करनी थी। पकड़ी गई अफीम की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने पूछताछ व सप्लायर की तलाश के लिए दोनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।