रतिया। कंपनी में निवेश कर रुपये दोगुने करने का लालच देकर हजारों लोगों से करोड़ों रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गांव सहनाल निवासी बलिंदर कुमार और जसवंत सिंह उर्फ शीरा के रूप में हुई है।
आर्थिक अपराध शाखा के प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि सहनाल निवासी अमरीक सिंह ने 16 अप्रैल को सदर पुलिस में शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया था कि गांव सहनाल के ही डॉ. सुखदेव सिंह ने अपने पिता के नाम से शीशपाल फ्रंटलाइन कंसल्टेंसी एंड सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी बनाई थी।
कंपनी में करीब 25 एजेंट बनाए गए। इनमें सहनाल निवासी राजू, सुखदेव, प्रगट सिंह, रवि कुमार, महेंद्र, अंकित, भूना निवासी रोशन लाल और गुरुसर निवासी शिरा चिम्मा आदि शामिल हैं।
सुखदेव और उसके एजेंट लोगों को एक महीने में रुपये दोगुने करने का लालच देकर धोखाधड़ी कर रहे थे। अमरीक ने कहा कि 18 जनवरी को आरोपी उनके घर आए और लालच देकर उनसे तीन लाख रुपये ले लिए।
करीब ढाई महीने बाद शिकायतकर्ता ने रुपये मांगे तो आरोपियों ने राशि नहीं लौटाई। जब उन्होंने सुखदेव और उसके एजेंटों से रुपये मांगे तो इन लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने तक की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इन आरोपियों ने उसके अलावा भी कई अन्य लोगों के साथ करीब 40-50 करोड़ रुपये की ठगी की है।
इस मामले में रतिया पुलिस ने डॉ. सुखदेव समेत उसके 13 एजेंटों के खिलाफ प्राइज चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन स्कीम्स बैनिंग एक्ट 1978 और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया था।
इस मामले में कार्रवाई कर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया और पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश किया। वहां अदालत के आदेश पर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया।