फतेहाबाद। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना फतेहाबाद पुलिस ने यूपी से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवकों को विजयनगर (गाजियाबाद) और गौर सिटी (नोएडा) से गिरफ्तार किया गया है।
दोनों युवकों पर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर एक लाख रुपये ठगने का आरोप है। पकड़े गए युवकों की पहचान विशाल शाह निवासी विजय नगर, गाजियाबाद, यूपी तथा ललित लोधी निवासी एलना जिला औरंगाबाद हाल वाजिदपुर, सेक्टर 62, नोएडा के रूप में हुई है।
साइबर क्राइम थाना फतेहाबाद प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश ने बताया कि 18 जुलाई को जाखल मंडी निवासी महावीर प्रसाद की शिकायत पर मामला दर्ज किया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी जाखल मंडी में मेडिकल की दुकान है। उसके पास इंडसइंड बैंक का क्रेडिट कार्ड है। उसके पास एक कॉल आई।
फोन करने वाले ने कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का ऑफर आया हुआ है। इसके बाद उसके व्हाट्सएप नंबर पर लिंक भेजा। जब उसने लिंक पर क्लिक किया तो उसके पास एक ओटीपी आया। उसने जैसे ही यह ओटीपी उस लिंक में डाला तो उसके क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 635 रुपये कट गए।
इस पर उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला और उसने पुलिस को शिकायत दी। इस मामले में साइबर क्राइम थाना फतेहाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
20 प्रतिशत कमीशन पर उपलब्ध करवाते थे बैंक खाता
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी विशाल शाह और ललित लोधी कमीशन पर ठगी के लिए बैंक खाता उपलब्ध करवाते थे। इस एवज में इन्हें 20 प्रतिशत कमीशन मिलता था। इस मामले में पुलिस बैंक खाता उपलब्ध करवाने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है।