फतेहाबाद। शहर में घरों, दुकानों, अस्पतालों और बड़े संस्थानों से कचरा उठाने का कार्य वीरवार से प्रभावित हो सकता है। नगर परिषद ने डिंग मैन पावर एजेंसी को एक, दो साल का ठेका दिया था जो कि 30 अप्रैल को खत्म हो रहा है। नगर परिषद प्रशासन को ठेका अवधि बढ़ाने की भी मंजूरी नहीं मिली है।
नगर परिषद प्रशासन एक मई से खुद कचरे का उठान कर सकता है जबकि नगर परिषद प्रशासन के पास न तो कचरा उठान के लिए पूरे वाहन हैं और न ही कर्मचारी। न ही कोई शेड्यूल तैयार किया गया है। नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि अगर एजेंसी ने काम से मना किया तो अपने स्तर पर कूड़ा उठान करवाया जाएगा।
नगर परिषद प्रशासन ने वर्ष 2023 के मई में एजेंसी को 1,675 रुपये प्रति टन के हिसाब से कूड़ा उठाने का ठेका दिया था। ये ठेका वर्ष 2024 के मई में खत्म हो गया था लेकिन तब लोकसभा और विधानसभा चुनाव के कारण ठेके को दिसंबर 2024 तक बढ़वाया गया। इस दौरान नगर परिषद ने नए ठेके के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की। तभी नगर निकाय ने नई नीति जारी कर सात साल के लिए एस्टीमेट तैयार करके भेजने के निर्देश दिए थे। इसलिए पुराने ठेके को अप्रैल 2025 तक बढ़वाया गया। इसके बावजूद निविदा प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।
शहर में वार्ड 27 और वाहन 13
नगर परिषद में 27 वार्ड हैं। इसके पास कूड़ा उठाने के लिए 13 छोटे वाहन और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हैं। नगर परिषद के पास करीब 158 सफाईकर्मी हैं, जिनकी डयूटी अलग-अलग वार्डों में है। शहर के 60 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई का जिम्मा भी निजी एजेंसी को दिया गया है। खुद कूड़ा उठाने के लिए नगर परिषद प्रशासन को कम से कम 25 वाहन चाहिए। इन वाहनों में चालकों के साथ एक-एक सहायकों की भी जरूरत है। जो कि नगर परिषद प्रशासन के पास उपलब्ध नहीं हैं।
-
20 करोड़ रुपये का बना है एस्टीमेट :
नगर परिषद ने शहर में घरों से सात साल तक कचरा उठान का एस्टीमेट तैयार किया है। इसके तहत शहर में घरों से कचरा उठान कार्य पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। एजेंसी घरों से कचरा उठाकर मुख्य कचरा संग्रह स्थल पर पहुंचाएगी। कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया अलग रहेगी।
-
ये है शहर की स्थिति
वार्ड - 27
जनसंख्या - 92,000
प्रॉपर्टी - 42,000
नगर परिषद के पास सफाई कर्मी : 158
रोजाना निकल रहा कचरा : 35 से 40 टन
घरों से कचरा उठान का ठेका बुधवार को खत्म हो रहा है। ठेके को आगे बढ़वाने के लिए प्रस्ताव तैयार है। इसे मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। इस दौरान एजेंसी से बात की जाएगी। अगर वह काम करने के लिए तैयार हुए तो ठीक नहीं तो नगर परिषद प्रशासन अपने स्तर पर कूड़ा उठाएगा।
- सतपाल सैनी, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद, फतेहाबाद।