रतिया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए हेरोइन के साथ वार्ड 4 निवासी कुलदीप और वार्ड 9 निवासी संदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना शहर पुलिस ने बुढलाडा रोड स्थित लाली मोड़ के पास गश्त के दौरान वार्ड 4 निवासी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि आरोपी के पास से 6.11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं दूसरे मामले में सीआईए पुलिस ने अनाजमंडी क्षेत्र में वार्ड 9 निवासी संदीप को 5.23 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया।
6.58 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
टोहाना। ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत सीआईए पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजनगर निवासी अजय को हेरोइन के साथ गिरफ्तार काबू किया है। सीआईए प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि एक जनवरी को सीआईए टोहाना की टीम अनाज मंडी, चंडीगढ़ रोड, रजबाहा रोड तथा इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान इंदिरा कॉलोनी में रजबाहा पुल मोड़ के पास से पुलिस ने संदेह के आधार पर युवक को रोककर तलाशी ली तो उसके पास 6.58 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
नशे की गोलियों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
फतेहाबाद। ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत एएनसी सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। टीम ने नशीली गोलियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि पूछताछ के दौरान मुख्य सप्लायर को भी काबू कर लिया गया।
एएनसी सेल प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र ने बताया कि हांसपुर रोड बाईपास पुल के पास गश्त के दौरान मिली सूचना पर एक युवक को काबू किया गया। उसकी पहचान रामपाल उर्फ निक्का, निवासी कीर्ति नगर, फतेहाबाद के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से नशीली गोलियां बरामद हुईं, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत कॉमर्शियल मात्रा में आती हैं। इस संबंध में थाना शहर में एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के दौरान मुख्य सप्लायर सुखदेव सिंह उर्फ सूखा निवासी आयलकी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।