टोहाना। बाबा बूटा बस्ती में पुरानी रंजिश के कारण जोगिन्द्र सिंह की हत्या मामले में सीआईए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बाबा बूटा बस्ती निवासी विक्की उर्फ खजांची और सागर उर्फ बच्ची शामिल हैं।
सीआईए प्रभारी अजय ने बताया कि बाबा बूटा बस्ती निवासी पोला राम ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 21 अगस्त की रात कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते उसके घर के सामने हमला किया था। इस हमले में पोला राम, उसकी मां गीना देवी और पिता जोगिन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
तीनों को नागरिक अस्पताल टोहाना ले जाया गया। जोगिन्द्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बाद में उन्हें हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।