भट्टूकलां। सीआईए पुलिस ने महिला के गले से सोने का ढोलना छीनने के मामले में आरोपी कुलदीप उर्फ घोलू और गुलाब निवासी कुटियाना जिला सिरसा को गिरफ्तार किया है।
सीआईए प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि गांव जांडवाला बागड़ निवासी मंजू पत्नी महेंद्र सिंह ने शिकायत दी थी कि 18 जुलाई 2026 को वह लकड़ी लेने गई थी। शाम करीब साढ़े चार बजे बाइक सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और गले से सोने का ढोलना छीन ले गए।
शिकायत के आधार पर थाना भट्टूकलां में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीआईए टीम ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने करीब 13-14 दिन पहले सिरसा जिले के गांव शेरपुरा में एक महिला से सोने का आभूषण छीनने की वारदात कबूल की।
इसके अलावा करीब एक माह पहले हिसार के आदमपुर क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनने का खुलासा किया। आरोपी कुलदीप पर मारपीट, धमकी देने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और एनडीपीएस एक्ट की तीन प्राथमिकी दर्ज हैं। संवाद