फतेहाबाद में क्रिकेट सट्टेबाजी में फंसाने के आरोप में पकड़े गए आरोपी। स्रोत : पुलिस विभाग
फतेहाबाद। सीआईए टीम ने क्रिकेट सट्टेबाजी में फंसाकर 15 लाख रुपये हरवाने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फतेहाबाद निवासी अमित गिल्होत्रा और भूषण नागपाल के रूप में हुई है। आरोपियों के दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
इस मामले में पुलिस 25 जून को फतेहाबाद की रेगर बस्ती निवासी साहिल सोनी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि आरोपी राजन ग्रोवर पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए सीआईए टीम उत्तराखंड और चंडीगढ़ में छापे डाल रही है। आरोपी राजन ग्रोवर की राजनीतिक पहुंच है। हालांकि पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन का कहना है कि जो भी आरोपी है और उसके खिलाफ साक्ष्य है तो उसे पकड़ा जाएगा।
-
यह था मामला
सीआईए प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र ने बताया कि 11 जून को भट्ठा कॉलोनी निवासी नीरू बाला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास मनी ट्रांसफर की दुकान चलाने वाले महिला के पति मुकेश कुमार को आरोपियों ने सट्टेबाजी की आदत में फंसा दिया। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक प्रतिदिन शाम को उनके पति की दुकान पर बैठकर शराब पीते थे और क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाते थे। सोची समझी साजिश के तहत आरोपियों ने उनके पति को शराब पिलाकर बड़ी रकम दांव पर लगाने के लिए उकसाया। आरोपियों ने अपने मोबाइल की सट्टा आईडी मुकेश को दी। इसके माध्यम से उन्होंने लगभग 15 लाख रुपये सट्टे में गंवा दिए और अब कर्ज में डूब चुका है।
-
आत्महत्या का प्रयास कर चुका है पीड़ित
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी युवक अब लगातार पैसे की मांग कर रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। इससे पीड़ित मानसिक तनाव में है। 15 मई की शाम को जब महिला घर पर नहीं थी तो उसके पति ने आत्महत्या का प्रयास किया परंतु समय रहते महिला ने उसे बचा लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।