जाखल। गांव चांदपुरा में बीस वर्ष पुरानी जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। ग्राम पंचायत की ओर से गांव में सीवरेज लाइन, नालियों का निर्माण व जलनिकासी पाइप लाइन डालने का निर्णय लिया गया है। इसमें करीब 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कदम ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सीवर लाइन न होने के कारण गांव में जगह-जगह जलभराव की समस्या बनी रहती थी। जिससे ग्रामीणों को गंदगी और आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ता था। खासकर हर वर्ष मानसून सीजन दौरान गांव के मुख्य गुरुद्वारा चौक में जलभराव की गंभीर समस्या हो जाती थी।
जलभराव के कारण गंदा पानी घरों तक पहुंचने से लोगों को गंभीर समस्या व आर्थिक नुकसान का भी सामना करना पड़ता था। ऐसे में अब सीवरेज लाइन डालने से गांव के लोगों को इस जलभराव की समस्या से स्थायी निजात मिलेगी।
धार्मिक स्थलों तक पहुंचना हो जाता था मुश्किल
ग्रामीण जगरूप सिंह, महल सिंह, अजेब सिंह, गमदुर सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा चौक गांव का मुख्य केंद्र है। जहां गुरुद्वारा साहिब, नगरखेड़ा और मंदिर स्थित हैं। बारिश के मौसम में यहां जलभराव होने से ग्रामीणों को धार्मिक स्थलों तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता था।
गांव से बाहर जोहड़ में होगी निकासी
ग्रामीण लंबे समय से जलभराव की समस्या का सामना कर रहे थे। ग्रामीणों की समस्या को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत द्वारा अब पहल करते हुए सीवर व पाइपलाइन डालने के साथ-साथ नालियों का निर्माण भी कराया जा रहा है। इस परियोजना के तहत जल निकासी गांव से बाहर स्थित जोहड़ में की जा रही है। ग्रामीणों द्वारा पंचायत के इस कार्य की सराहना की गई है।
:: गांव में स्थित मुख्य चौक में जल निकासी के लिए 20 लाख रुपये की लागत से कार्य कराया जा रहा है। इससे दूषित जल गांव के बाहर बने जोहड़ में डाला जाएगा। इससे भविष्य में इस पानी का उपयोग खेती के लिए भी किया जा सकेगा।
अमनदीप, ग्राम सचिव, चांदपुरा।