पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में पड़ रही लू व प्रचंड गर्मी के बाद बुधवार दोपहर बाद बादल छा गए व तेज हवा के साथ बारिश आरंभ हो गई। बारिश से मौसम सुहाना हो गया। पिछले दिनों से तापमान गिरकर 39 डिग्री सेल्सियस रह गया। जबकि इससे पूर्व तापमान 42 से 43 डिग्री के बीच घूम रहा था। राजस्व विभाग के अनुसार 5 एमएम बारिश दर्ज की गई है। कृषि विशेषज्ञों ने इस बारिश को नरमा के लिए फायदेमंद बताया है।
पिछले सप्ताह एक-दो दिन के अंतराल में बारिश होती रही। जिस कारण तापमान भी लोगों के अनुकूल रहा। अब एक सप्ताह से तेज धूप व लू चल रही थी। जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था। तेज धूप से नरमे की फसल को भी खतरा हो गया था। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यही तापमान 5 दिन और चलता तो नरमे की फसल झुलस जाती। बुधवार दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और एकाएक बारिश शुरू हो गई। तेज हवा के साथ बारिश की बौछारों से सड़कों व गलियों पर जल भराव हो गया। नेशनल हाईवे व निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। नेशनल हाईवे पर दुर्गा मंदिर के समीप व पंजाब नेश्नल के सामने दुकानों के आगे नगर परिषद की फुटपाथ तोड़ बनाए गए चबूतरों के कारण आसपास के दुकानों के आगे जलभराव हो गया।
बारिश व तेज हवा से बिजली के पोल व पेड़ गिर गए। रतिया में बिजली के पोल गिरने से दोपहर बाद बिजली बाधित रही। जबकि यहां हुडा के सेक्टर तीन में पेड़ भी गिर गए। बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता एमएल सुखीजा के अनुसार, डिविजन में कितने पोल टूटे हैं इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने बताया कि नरमे की बिजाई को 20 दिन से ऊपर हो गए है और सिंचाई की जरूरत थी। जिन किसानों ने धान की पौध लगा रखी है। उन्हें भी इस बारिश का फायदा है। हरियाणा कृषि विश्व विद्यालय हिसार के मौसम विभाग के अनुसार 13 जून तक बीच-बीच में बादल छाने, हवा चलने व बूंदाबांदी होने की संभावना है। 14 जून के बाद मौसम खुश्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 13 जून से 19 जून तक तापमान 41 से 43 डिग्री के बीच में घूमेगा।