टोहाना। मंडी में आए धान को सीधे राइस मिलों में ले जाने के मामले में मार्केट कमेटी ने कार्रवाई की है। सचिव संदीप गर्ग ने बताया कि सूचना पर तीन राइस मिलों पर छापा मारा गया था।
उन्होंने बताया कि एसएस राइस मिल खनोरा, सिंबल रोड स्थित राजेंद्रा राइस मिल और जे राइस मिल में लगभग 600 क्विंटल धान बिना गेट पास के सीधे ले जाता पाया गया। तीनों मिलों पर कुल 74 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है जिसमें मार्केट फीस व एचआरडीएफ भी वसूला गया है।
सचिव ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार टोहाना में अभी भी कुछ शेलर संचालक सीधा धान शेलर में ले जाकर सरकार को चूना लगा रहे हैं। जिला अधिकारी अभिनव वालिया ने कहा कि ऐसे लोगों की वीडियो उनके पास उपलब्ध करवाएं और उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।