जाखल। बस स्टैंड से पंजाब की तरफ जाने वाले मार्ग पर कई जगह पड़े गड्ढों से सड़क की हालत खराब हो गई है। इस कारण यहां से वाहन लेकर निकलना चुनौतीपूर्ण हो गया है। बुधवार सुबह चारा लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली का पहिया सड़क पर हुए बड़े गड्ढे में फंस गया।
इससे ट्रॉली सड़क पर पलट गई और ट्रॉली में भरा चारा सड़क पर बिखर गया। इस हादसे के कारण सारा चारा सड़क पर बिखर जाने से सड़क पर आवाजाही बाधित हो गई। बजट के अभाव के कारण इस सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है।
यह मार्ग शहर के बस स्टैंड से होकर पंजाब और हरियाणा सीमाओं में प्रवेश करता है। हरियाणा, पंजाब को जोड़ने वाला मार्ग अति व्यस्ततम है। इसके साथ ही यहां सड़क पर शहर का प्रमुख शिक्षण संस्थान, स्कूल, निजी अस्पताल, लैब सहित कई बाइक एजेंसी भी संचालित हैं। इस सड़क पर दिन-रात छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है।
स्थानीय दुकानदारों रविंद्र सिंह, सुभाष, रितेश, सोनू, सतगुरु, मिट्ठू, संदीप, रमेश ने बताया कि प्रशासन ने सीवर और पेयजल पाइप लाइन डालने के लिए सड़क को उखाड़ा था।
इसके बाद पाइपलाइन बिछाकर मिट्टी डालकर सड़क लावारिस छोड़ दी गई है। यह मुख्य सड़क पिछले करीब चार वर्षों से बदहाल स्थिति में है। स्थानीय दुकानदारों ने नगरपालिका अधिकारियों को कई बार शिकायत दी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सड़क की दुर्दशा के कारण यहां पर आए दिन वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं।
नगरपालिका की ओर से सड़क निर्माण न कराने पर दुकानदारों ने रोष जताया है। उन्होंने सड़क के पुनर्निर्माण के लिए जल्द बजट जारी करने की मांग की है, ताकि लोगों को अधिक दिनों तक परेशानी न झेलनी पड़े।
उन्होंने कई बार प्रशासन को लिखित ज्ञापन के माध्यम से अवगत भी करवाया गया है, लेकिन सिवाय आश्वासन के धरातल पर इसे लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया है, जबकि शहर की अधिकतर गलियों का पुनर्निर्माण किया जा चुका है। मगर यहां की स्थिति पर कोई भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
दुकानदारों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का समाधान जल्द न हुआ तो नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस सड़क के पुनर्निर्माण के लिए सरकार से बजट की मांग की गई है। सड़क के निर्माण कार्य के लिए 23 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया गया है। सरकार की तरफ से बजट जारी होते ही प्राथमिकता के आधार पर इस सड़क के निर्माण की निविदा जारी कर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। - रविकांत, जेई, नगर पालिका, जाखल।