सड़क पर गिरा पेड़ व क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : Fatehabad
गांव मेहूवाला के समीप तेज आंधी के कारण एक चलती बाइक पर पेड़ गिर गया। बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस की सहायता से भट्टू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार करने के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया।
गांव बोदीवाली निवासी करीब 30 वर्षीय ईश्वर सिंह ऑनलाइन कोरियर से सामान देने का काम करता है। गुरुवार को वह दोपहर के समय भट्टूमंडी से मेहूवाला की तरफ जा रहा था। रास्ते में मेहूवाला मोड़ व मेहूवाला गांव के बीच तेज आंधी आने के कारण सड़क किनारे से एक पेड़ टूटकर चलती बाइक पर गिर गया। इस घटना में बाइक सवार ईश्वर सिंह पेड़ के नीचे दब गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे पेड़ के नीचे से निकाल कर एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। घटना की सूचना मिलने पर भट्टूकलां पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया।