जाखल। खंड के गांव तलवाड़ी में शनिवार को पंचायत विभाग की ओर से ट्रीटमेंट प्लांट का काम शुरू करवाया गया। इससे पहले ग्रामीण इस प्लांट का विरोध करके काम रुकवा चुके थे। इसी कारण भारी पुलिस बल की मौजूदगी में काम शुरू करवाया गया। ट्रीटमेंट प्लांट पूर्ण होने पर इससे किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा।
गांव तलवाड़ी में पंचायत विभाग की ओर से ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है। यहां गंदा पानी काफी समय से घग्गर नदी में जा रहा है। पंचायती जमीन पर जोहड़ खुदवाया गया है। यहां पर गंदा पानी जमा होगा। इसके बाद इस गंदे पानी को प्लांट में ट्रीट करके सदुपयोग किया जाएगा। पिछले साल भी इस काम को शुरू करवाने के लिए पंचायत विभाग की टीम गई थी। मगर ग्रामीणों के विरोध के चलते काम रुका पड़ा था। अब फिर से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार राशविंदर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और काम शुरू करवाया।
-
100 पुलिसकर्मी रहे मौजूद
जाखल थाना प्रभारी राधेश्याम के नेतृत्व में 70 पुलिस जवान और 30 से अधिक महिला पुलिसकर्मी तैनात किए गए। हालांकि, भारी पुलिस बल देखकर ग्रामीणों का विरोध नहीं हुआ। नायब तहसीलदार राशविंदर सिंह ने बताया कि प्रशासन ने अपना काम शुरू करवा दिया है।
-
योजना से ग्रामीणों को मिलेगा बड़ा फायदा
इस योजना से गांव के तालाब का गंदा पानी निकालने के लिए खेतों के बीच से पाइपलाइन, खोदे जाने वाले इस तालाब तक पहुंचाई जाएगी। इस तालाब में गंदे पानी को स्टॉक किया जाएगा और पानी को स्वच्छ कर पाइपलाइन के माध्यम से खेतों से गुजरने वाली नहरी पानी की खाल से जोड़ दिया जाएगा। इससे जिस किसान को फसल में पानी की जरूरत होगी तो वह पानी ले सकेगा।
-
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस ट्रीटमेंट प्लांट का काम शुरू करवाने के लिए प्रशासनिक अमला सुबह से ही मौके पर पहुंच गया। इस कार्य को शुरू करवाने के लिए गांव तलवाड़ी में प्रशासन की ओर से अधिकारी नियुक्त किए गए। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार रशविन्द्र सिंह, खंड विकास एवं पंचायत विभाग की तरफ से एसडीओ बलवान सिंह, जेई संजीव कुमार, एनजीटी विभाग की तरफ से दीपक खडकड के साथ-साथ पुलिस विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
गांव तलवाड़ी में गंदे पानी की निकासी को लेकर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है। इसे लेकर कुछ ग्रामीणों द्वारा पहले इसका विरोध किया गया था, परंतु शनिवार को कोई भी विरोध नहीं हुआ है। प्रशासन द्वारा इसे लेकर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी, गांव में ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है।
-रशविन्द्र सिंह, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, जाखल