फतेहाबाद में रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया आरोपी क्लर्क एसीबी की गिरफ्त में।
फतेहाबाद। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार दोपहर फतेहाबाद के लघु सचिवालय ट्रेजरी में छापा मारकर क्लर्क को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी क्लर्क ने वीएलडीए से बिल पास करने के एवज में रिश्वत मांगी थी।
पशुपालन विभाग में वीएलडीए के पद पर तैनात सुनील बिश्नोई ने एसीबी को शिकायत दी कि 39 हजार रुपये मूल्य की दवाइयों का बिल ट्रेजरी विभाग में पास कराने के लिए भेजा गया था। आरोप है कि ट्रेजरी में तैनात क्लर्क बिल पास करने के बजाय उन्हें लगातार अटका रहा। जब सुनील बिश्नोई ने क्लर्क हीरालाल से बात की, तो उसने बिल पास करने के बदले तीन हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर दी।
भ्रष्टाचार की इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने क्लर्क को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। डीएसपी जुगल किशोर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।