कोहरे के कारण रद की गई गाड़ियों को रेलवे की ओर से मंगलवार को हरी झंडी मिल जाएगी। इन ट्रेनों को पूर्व समयानुसार चलाया जाएगा। कोहरे के कारण पिछले करीब दो महीनों से रेलवे ने दर्जन भर से भी ज्यादा ट्रेनों का आवागमन स्थायी अथवा अंतराल पर रद्द कर रखा था। कोहरा छंटने के साथ ही अब इन्हें हरी झंडी दे दी जाएगी।
रेलवे प्रशासन की ओर से कोहरे के कारण हावड़ा से श्रीगंगानगर जाने वाली उद्यान आभा तूफान मेल एक्सप्रेस को शुक्रवार, व श्रीगंगानगर से हावड़ा जाने वाली उद्यान आभा तूफान मेल एक्सप्रेस शनिवार रात को रद्द रहना बताया हुआ है। विभाग ने दिल्ली सराय रोहिल्ला से बीकानेर जाने वाली एसी स्पेशल ट्रेन, दिल्ली सराय रोहिल्ला फिरोजपुर जाने वाली छिंदवाड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को भी रद्द किया हुआ है।
इसके साथ ही जयपुर से अमृतसर व अमृतसर से जयपुर सप्ताह में दो दिन जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन, श्रीगंगानगर से दिल्ली जाने वाली दैनिक इंटरसिटी एक्सप्रेस को सप्ताह में दो दिनों के लिए रद कर रखा है। श्रीगंगानगर से दिल्ली के लिए दैनिक इंटरसिटी वीरवार को, दिल्ली से श्रीगंगानगर जाने वाली शुक्रवार को रद किया गया था।
नांदेड़ से श्रीगंगानगर के बीच चलने वाली नांदेड़ एक्सप्रेस भी सप्ताह में दो दिनों के लिए रद्द की हुई है। मुंबई से फिरोजपुर जाने वाली जनता एक्सप्रेस को रविवार व बुधवार, फिरोजपुर से मुंबई जाने वाली जनता एक्सप्रेस को सोमवार व वीरवार के दिन रद घोषित किया हुआ है।
स्टेशन अधीक्षक सूरजभान शर्मा ने बताया कि रद की गई ट्रेनों को 9 फरवरी से बहाल किए जाने की सूचना मिली है। हालांकि विभाग ने आधिकारिक तौर पर उन्हें सूचना अभी तक नहीं दी है, लेकिन विभागीय जानकारी के अनुसार रद्द हुई ट्रेनों को आज से चलाया जाएगा।