फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: आंदोलन से थमा ट्रेनों का चक्का, मूनक में मुख्य रोड पर बैठे किसान

Mon, 30 Dec 2024 11:00 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
जाखल बस स्टैंड पर बसों के इंतजार में बैठी महिला यात्री। संवाद
विज्ञापन
टोहाना/जाखल। सोमवार को किसानों के पंजाब बंद का प्रभाव फतेहाबाद के टोहाना और जाखल कस्बे में भी दिखाई दिया। दोनों जगहों से ट्रेन और बस सेवाएं प्रभावित हुई। टोहाना स्टेशन से सुबह 10 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक कोई ट्रेन रवाना नहीं हुई। वहीं जाखल स्टेशन जंक्शन पर पंजाब की तरफ जाने वाली लंबी दूरी की 6 ट्रेनें पहुंची ही नहीं।
विज्ञापन

इसके अलावा जाखल से चंडीगढ़ की तरफ जाने वाली बसों के 50 फेरे, बुढ़लाडा के 60 फेरे और लहरागागा के 40 फेरे मिस हुई। जिस कारण करीब 8000 लोगों को यात्रा प्रभावित हुई। जाखल बड़ा जंक्शन है। ट्रेनों का आवागमन प्रभावित होने से करीब 10000 यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं टोहाना स्टेशन से सुबह दस बजे तक तीन मालगाड़ी व एक छिंदवाड़ा एक्सप्रेस पौने दस बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। किसान आंदोलन के चलते श्रीगंगानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस, मोगा इंटरसिटी एक्सप्रेस, हिसार से जींद जाने वाली पैसेंजर, जींद फिरोजपुर एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस रद्द रही। इन्हें पीछे ही रोक दिया गया।
बता दें कि फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी की मांग को लेकर किसान केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन के चलते जाखल में भी रेल और सड़क यातायात बाधित रहा। किसानों द्वारा पंजाब बंद के आह्वान के मद्देनजर कई सड़कों पर धरना दिया गया। हालांकि, शाम 4 बजे के बाद चलने वाली ट्रेनें गंतव्य की ओर भेजी गई। आंदोलन के कारण टोहाना में दिल्ली, पंजाब व हिसार जाने वाले सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टोहाना रेलवे स्टेशन से सुबह साढ़े 10 बजे से 4 बजे के बीच कोई रेलगाड़ी नहीं गई। आंदोलन के चलते रेलवे पुलिस के जवान स्टेशन पर गश्त करते रहे।
विज्ञापन


जाखल के साथ सटे पंजाब के मूनक और बरेटा में किसानों के धरने से जाखल की तरफ भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। जाखल स्टेशन से गुजरने वाली विभिन्न यात्री ट्रेनों के पहिए थमे रहे। कोई भी यात्री ट्रेन जाखल में प्रवेश नहीं कर पाईं। इसके अलावा बस सेवाएं भी रद्द रहीं। जाखल से मूनक, पटियाला, चंडीगढ़ और बुढलाडा व पंजाब के अन्य नजदीकी शहरों में जाने वाली बसें रद्द रहने से सैकड़ों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

-

कई यात्री निजी वाहनों से हुए रवाना

सोमवार को जाखल रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्री अभिषेक, रामू व मंगल ने कहा कि उन्होंने ट्रेन के जरिए जाखल से बिहार जाना था, लेकिन किसान आंदोलन के कारण फरक्का एक्सप्रेस, दैनिक इंटरसिटी, दिल्ली-बठिंडा सुपरफास्ट और सरबत दा भला सहित छह ट्रेनें जाखल नहीं पहुंची। अब उन्हें मंगलवार को फिर से रेलवे स्टेशन पर आना पड़ेगा। वहीं, कुछ नजदीकी एरिया में यात्री निजी वाहनों से रवाना हुए।



बसें रद्द होने से यात्री हुए परेशान

जाखल बस स्टैंड पर पहुंचीं महिला हरदीप कौर व अमनप्रीत ने बताया कि उन्होंने बस से बुढलाडा की तरफ जाना था, लेकिन बस बंद होने के कारण वो परेशानी में पड़ गई। उन्होंने मजबूरन अपने स्वजनों को फोन कर निजी साधन मंगवाया। जाखल से होकर पंजाब की ओर जाने वाली सभी बसें जाखल नहीं पहुंची। हालांकि जाखल से सुबह 5 बजे जाने वाली बसें जरूर पंजाब की तरफ रवाना हुई हैं।

-

मूनक रोड पर लगाया जाम

किसानों द्वारा अपनी मांगों को लेकर पंजाब के मूनक रोड पर जाम लगाया गया जिसके चलते टोहाना के रास्ते पंजाब जाने वाले वाहन प्रभावित हुए। सोमवार को सुबह दस बजे के बाद पंजाब की तरफ जाने वाले सभी वाहन वापस टोहाना आए, जिसके बाद अलग-अलग रास्तों से अपने गंतव्य की ओर गए।



किसान आंदोलन के चलते पंजाब की तरफ जाने वाली तथा पंजाब से आने वाली ट्रेनों का शेड्यूल प्रभावित रहा। सुबह दस बजे के बाद यात्रियों को घर लौटना पड़ा।
-राजेश नागपाल, प्रधान, दैनिक रेल यात्री एसोसिएशन, टोहाना



किसान आंदोलन के चलते टोहाना के रास्ते पंजाब, दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इसके चलते यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
-तजिंद्र सिंह, असिस्टेंट स्टेशन मास्टर, टोहाना



सोमवार को किसानों के आंदोलन के चलते जाखल से पंजाब की तरफ आवाजाही करने वाली कई ट्रेनें जाखल स्टेशन पर नहीं आई। कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया और कुछ को जींद की तरफ से डायवर्ट किया गया। कुछ ट्रेनें पंजाब के मानसा रेलवे स्टेशन के पास रुकीं रहीं। शाम 4 बजे के बाद ही ट्रेनों का आवागमन बहाल हो सका।
विज्ञापन

चांदराम दहिया, स्टेशन मास्टर, जाखल रेलवे स्टेशन

जाखल बस स्टैंड पर बसों के इंतजार में बैठी महिला यात्री। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें