शहीद उधम सिंह चौक के पास दुकान में घुसा तेज रफ्तार ट्राला।
भूना। शहीद उधम सिंह चौक के पास शुक्रवार रात तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर पहले दुकान के बाहर खड़ी गोलगप्पों की रेहड़ी से टकराया और फिर दुकान में जा घुसा। हादसे में रेहड़ी पर गोलगप्पे बेच रहा राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दुकानदार रजत बोस्ती बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद ट्राला नाले में फंस गया। थाना प्रभारी कंवर सिंह ने बताया कि ट्राला कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके अनुसार चालक मौके पर शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
राजस्थान के बीकानेर जिले के गांव धिकताना निवासी चालक बलवंत राम पुत्र शंकर लाल ट्राला लेकर भूना से बीकानेर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे शहीद उधम सिंह चौक के पास पहुंचते ही ट्राला अनियंत्रित हो गया और पहले रेहड़ी को टक्कर मारते हुए दुकान में जा घुसा। आरोप है कि चालक ने शराब पी रखी थी।
हादसे के तुरंत बाद दुकानदार रजत बोस्ती ने घायल राजेश कुमार को सामने स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्राला चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।