सीसीटीवी में दिख रहा दीवार फांदता चोर।
- फोटो : Fatehabad
शहर में चोरियों का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार रात को चोरों ने शहर के फतेहाबाद रोड पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास स्थित एक ट्रैक्टर वर्कशॉप को निशान बनाया। वर्कशॉप का ताला तोड़कर चोर एक ट्रैक्टर, एक बैटरी तथा वहां खड़े ट्रैक्टरों से डीजल, एलईडी सहित लाखों रुपयों का सामान चुराकर ले गए। इससे पहले चोरों ने इसके साथ लगती अग्रवाल मोटर्स दुकान में खड़ी गाड़ियों को भी चुराने का प्रयास किया। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। शनिवार सुबह पुलिस ने मौके पर जाकर मुआयना किया व सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
कैमरों की फुटेज से पता चला है कि शुक्रवार रात को चोर पहले अंकित जिंदल की अग्रवाल मोटर्स नामक दुकान के बाहर के गेट को फांदकर कर अंदर आए और ताला तोड़कर शोरूम के अंदर घुस गए। चोरों ने यहां पर गाड़ियों को चोरी करने का प्रयास किया लेकिन दुकान मालिक ने अंदर दो और गेट लगा रखे थे जिसे चोर नहीं तोड़ पाए। इसके बाद चोर अग्रवाल मोटर्स की दीवार फांदकर इसके साथ लगती हरभजन निवासी रायपुर की कंबोज एग्रीक्लचर दुकान की छत पर गए और सीढ़ियों से नीचे उतर कर दुकान के अंदर पीछे की तरफ से घुस गए। चोरों ने पहले यहां से एक एलडी, एक ट्रैक्टर बैटरी तथा रिपेयर के लिए आए ट्रैक्टरों का डीजल निकाला। इसके बाद उन्होंने वर्कशॉप में खड़े सोनालिका ट्रैक्टर को चुराया तथा वर्कशॉप के गेट का ताला तोड़कर फरार हो गए। दुकान मालिक हरभजन ने बताया कि ट्रैक्टर सहित अन्य चोरी हुए सामान की कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। दुकान में चोरी होने की जानकारी अग्रवाल मोटर के संचालक अंकित को उसके मोबाइल जरिये सुबह बजे पता चला तो वे अपने शोरूम में आया और सारी स्थिति का जायजा लिया। देखा कि उसके शोरूम के दो सीसीटीवी कैमरा को चोरों द्वारा तोड़ा हुआ है। अंकित ने देखा कि उसकी दुकान की दीवार के पास पैरों के निशान है जिस पर उसने पड़ोसी दुकानदार हरभजन को सूचना दी सूचना मिलने पर हरभजन सिंह मौके पर पहुंचे और देखा कि ट्रैक्टर सहित अन्य काफी सामान गायब है। फुटेज के हिसाब से चोरों की संख्या 3 से 4 दिखाई पड़ रही है। पुलिस जांच में जुटी है।