समैन। पुलिस ने सोमवार को मृतक शमशेर उर्फ शेरा के शव का नागरिक अस्पताल टोहाना में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजनों ने गांव में शव का अंतिम संस्कार किया।
हालांकि, इससे पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोड जाम करने की भी बात उठी। मगर बाद में बिना किसी व्यवधान के अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस पूरी तरह से अलर्ट रही। सदर थाना प्रभारी संदीप सिंह ने पूरे घटनाक्रम की निगरानी की। वहीं इस मामले में पुलिस के अधिकारियों में भी विरोधाभास नजर आया। डीएसपी शमशेर सिंह ने कोई भी गिरफ्तारी होने से इन्कार किया जबकि थाना प्रभारी संदीप सिंह ने ट्रैक्टर चालक सुरेंद्र की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
बता दें कि शुक्रवार दोपहर को गांव समैन निवासी शमशेर उर्फ शेरा की ललोदा रोड पर ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या कर दी गई थी। रविवार शाम को इस मामले में गांव के सरपंच रणबीर गिल सहित उनके परिवार के 28 लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
-
:: सोमवार को मृतक शमशेर सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में 28 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
शमशेर सिंह, डीएसपी, टोहाना
:: गांव समैन में शमशेर उर्फ शेरा की मौत के मामले में ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए चालक का नाम सुरेंद्र है। उससे हत्या के बारे में पूछताछ की जाएगी।
-संदीप सिंह, सदर थाना प्रभारी, टोहाना