फतेहाबाद। शिक्षा विभाग ने बुधवार को मिशन बुनियाद को लेकर तीसरे लेवल की परीक्षा और ओरिएंटेशन कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। रद्द करने के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। विभाग अब 29 अप्रैल को परीक्षा करवाने की तैयारी कर रहा है। जिला शिक्षा विभाग ने 19 को करवाने का प्रस्ताव भेजा था लेकिन मंजूरी नहीं मिली। हालांकि ये परीक्षा मार्च माह में होनी थी लेकिन तब भी इसे रद्द कर दिया गया था।
लेवल दो की परीक्षा में पास हो चुके 334 विद्यार्थियों की लेवल तीन की परीक्षा ली जानी है। इसी दिन विभाग की तरफ से ओरिएंटेशन प्रोग्राम होगा। जिसमें विद्यार्थी भाग लेंगे ही इसके अलावा उनके अभिभावक, बुनियाद केंद्रों में पहले से पढ़ रहे विद्यार्थी और स्टाफ भी भाग लेगा। विभाग ने इस बार ओरिएंटेशन प्रोग्राम को लेकर बजट में कटौती कर दी है। इस बार मात्र 75 हजार ही बजट जारी किया गया है। जबकि पहले डेढ़ लाख रुपये बजट जारी होता था। इसके चलते विभाग राजकीय कन्या स्कूल में कार्यक्रम करवाने की योजना बना रहा है। बता दें कि मिशन बुनियाद को लेकर जिले में 3488 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। इसमें से पहले लेवल की 3171 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें 1101 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। दूसरे लेवल की परीक्षा में 334 विद्यार्थी पास हुए थे। अब इनकी तीसरे लेवल की यानि फाइनल परीक्षा ली जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग कक्षा नौंवी और दसवीं की पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करवाएगा।
तीसरे लेवल की परीक्षा में ये विद्यार्थी लेंगे भाग
खंड पास विद्यार्थी
भट्टूकलां 45
भूना 77
फतेहाबाद 74
जाखल 12
रतिया 58
टोहाना 68
जिले में चल रहे हैं पांच बुनियाद केंद्र
जिले में पांच बुनियाद केंद्र चल रहे है। जहां पर चयनित विद्यार्थियों को तैयारी करवाई जाती है। इसमें मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल फतेहाबाद, रतिया, भट्टूकलां, भूना और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना शामिल है। विभाग का दावा है कि 15 मई से नए सत्र की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
कोट
मिशन बुनियाद की 17 अप्रैल को होने वाली परीक्षा और ओरिएंटेशन कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। नया शेड्यूल जल्द जारी हो जाएगा।
- मुकेश मेहता, नोडल अधिकारी मिशन बुनियाद