फतेहाबाद। जिले में वीरवार शाम 6 बजे बाद लोकसभा चुनाव का प्रचार अभियान थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी सिर्फ डोर-टू-डोर जाकर ही जनसंपर्क कर सकेंगे। जनसभाओं और रैलियों के साथ-साथ लाउडस्पीकरों के प्रयोग पर चुनाव आयोग का प्रतिबंध लग जाएगा। प्रचार के अंतिम दिन सभी पार्टियों के प्रत्याशियों की ओर से मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरी ताकत झोंकी जाएगी।
भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर के लिए मतदाताओं से अपील करने खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी फतेहाबाद पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री वीरवार शाम को फतेहाबाद शहर में रोड शो करेंगे। यह रोड शो लालबत्ती चौक से शुरू होगा। इसके बाद फव्वारा चौक, जवाहर चौक, गुरु रविदास चौक, डीएसपी रोड होते हुए पुराना बस स्टैंड पर पंचायत भवन के पास समाप्त होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा ने बताया कि रोड शो के लिए शहर के लोग और भाजपा कार्यकर्ता लालबत्ती चौक के समीप अनाज मंडी शेड के नीचे एकत्रित होंगे। शाम 4 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में रोड शो शुरू होगा। उन्होंने बताया कि इस रोड शो में मुख्यमंत्री के साथ राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम, रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा सहित भाजपा संगठन से जुड़े कई नेता भी मौजूद रहेंगे।
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी शहर में दोपहर बाद करेंगे जनसभा
इसके अलावा पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी प्रचार अभियान के अंतिम दिन वीरवार को दोपहर 3 बजे जाट धर्मशाला के पास निजी होटल में जजपा प्रत्याशी रमेश खटक के समर्थन में वोटों की अपील करने पहुंचेंगे। इस दौरान जजपा की ओर से जनसभा रखी गई है, जिसे दुष्यंत चौटाला, रमेश खटक व अन्य नेता संबोधित करेंगे।
जिले में बनाए गए हैं 688 मतदान केंद्र
जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र फतेहाबाद, रतिया व टोहाना में कुल 688 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। टोहाना विधानसभा में 227 मतदान केंद्र, फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 237 तथा रतिया विधानसभा क्षेत्र में 224 मतदान केंद्र बनाए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक पिंक बूथ सिर्फ महिलाओं के लिए रहेगा। इनमें ड्यूटी भी महिला कर्मचारियों की लगाई गई है।
जिले में 776 बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं ने किया घर से मतदान
चुनाव आयोग की ओर से घर से मतदान करने की दी गई सुविधा का जिले में 776 मतदाताओं ने फायदा उठाया है। 85 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग और 40 फीसदी से ज्यादा दिव्यांग मतदाताओं को यह सुविधा दी गई थी। यह सुविधा लेने के लिए जिले के 812 मतदाताओं ने आवेदन किया था। मगर मतदान के लिए पहुंचे कर्मचारियों ने पाया कि इनमें से कुछ मतदाता मृत हो चुके हैं जबकि कुछ अस्पताल में दाखिल हैं। 812 में से 776 का मतदान घर से हुआ है। हालांकि, जिले में 8736 मतदाता 85 वर्ष से अधिक उम्र के हैं, इनमें 2646 पुरुष व 6090 महिला मतदाता है। वहीं, 5614 दिव्यांग मतदाता हैं।
यह है मतदाताओं की संख्या
जिले में कुल मतदाता : 7,13,137
सामान्य मतदाता : 7,11,670
सर्विस मतदाता : 1467
टोहाना विधानसभा में कुल मतदाता : 2,29,394
फतेहाबाद विधानसभा में कुल मतदाता : 2,56,897
रतिया विधानसभा में कुल मतदाता : 2,26,846