रतिया। 9 विकेट गिरने के बाद भी जीवा एंड युवी टाइगर्स टीम ने हार नहीं मानी। कप्तान पिंडी खोखर ने 95 रन की नाबाद पारी खेलकर मुकाबले का रुख पलट दिया। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने आरपीएल सीजन-2 में शुभम एवेंजर्स को शिकस्त दी। पिंडी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शहर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खेले गए मुकाबले में जीवा एंड युवी टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। शुभम एवेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 155 रन बनाए। इस तरह जीवा एंड युवी टाइगर्स को जीत के लिए 156 रन का लक्ष्य मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीवा एंड युवी टाइगर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 10 ओवर में ही 9 विकेट गंवा दिए। जीत लगभग शुभम एवेंजर्स के खाते में जाती दिख रही थी। ऐसे समय में कप्तान पिंडी खोखर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने धैर्य और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार तालमेल दिखाते हुए 95 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को जीत दिलाई।
मुकाबले में वकील नथवान, गुरप्रीत सिंह, कुलदीप सिंह, बलवीर बिन्नी, आशी गर्ग और विक्की गर्ग मुख्य अतिथि रहे। इस मौके पर आयोजक सम्राट सागु, परवीन मराठा, डॉ. पीयूष अरोड़ा, सतीश पटवारी, रूपी बोला, सहज मोंगा, रोहित आदि मौजूद रहे।