रतिया में अस्पताल में दाखिल बस ड्राइवर :संवाद
रतिया। शहर के बस स्टैंड पर तीन युवकों ने एक निजी बस के चालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। वहीं आरोप है कि युवकों ने बस पर पत्थरबाजी भी की। उन्होंने बस के आगे वाले शीशे भी तोड़ दिए। जिससे बस में सवार सवारियों में हड़कंप मच गया।
वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और उन्होंने घायल चालक को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से पुलिस ने ड्राइवर के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में निजी बस के ड्राइवर काला सिंह ने बताया कि वह हर रोज सुबह 8 बजे लधुवास से रतिया रूट पर बस को लेकर आता है और इसके बाद बस फतेहाबाद रोड पर लेकर जाते हैं।
शनिवार सुबह भी वह लधुवास से रतिया रूट पर बस लेकर जब सरदारेवाला के बस स्टैंड पर पहुंचा तो वहां पर एक युवक ने उनको रुकवा लिया और कहा कि एक सवारी आ रही है। काला सिंह के अनुसार जब काफी देर तक सवारी नहीं आई तो वह बस को लेकर रतिया बस स्टैंड पर आ गया। रतिया बस स्टैंड से सवारियां लेकर जैसे ही वह फतेहाबाद के लिए चलने लगा तो तीन युवक बस के आगे आ गए।
युवकों ने उसके साथ मार पिटाई करनी शुरू कर दी। जब गाड़ी का परिचालक तो तीनों युवकों ने बस पर सामने से पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिससे बस के आगे वाले दोनों शीशे तोड़ दिए। शीशे टूटने से कांच उसके ऊपर लगे, जिससे वह घायल हो गया। वहीं इस हमले से सवारियों में हड़कंप मच गया।
जब सवारियों ने शोर मचाया तो हमलावर मौके से भाग गए। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। शहर थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। घायल ड्राइवर की शिकायत के आधार पर कार्रवाई का जा रही है।