फतेहाबाद। शहर के मॉडल टाउन में जयपुर बच्चों के अस्पताल के पास वीरवार दोपहर को हमलावरों ने फाइनेंसर समेत तीन युवकों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गांव तामसपुरा निवासी संजय, ठाकर बस्ती निवासी हर्ष और गांव तामसपुरा निवासी सुधीर घायल हुए हैं। इनको फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल लाया गया। घायलों में संजय की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया है जबकि हर्ष और सुधीर को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि संजय फाइनेंस का काम करता है।
झगड़े में घायल सुधीर ने बताया कि वह संजय के साथ मॉडल टाउन में जयपुर बच्चों का अस्पताल के सामने एक ढाबे पर चाय पी रहा था। इस दौरान अचानक मोटरसाइकिल सवार करीब छह-सात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। जिसमें उसके सिर में और संजय को हाथ, सिर और पैरों में चोटें आई हैं। हमलावरों के पास तेजधार हथियार थे। घायल सुधीर ने बताया कि संजय पर हमला होने के बाद उसने भागने की कोशिश की थी लेकिन कांटेदार तारें लगी हुई थीं। इस कारण वह भाग नहीं सका और हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि संजय फाइनेंस का काम करता है। फिलहाल नागरिक अस्पताल से घायल संजय को अग्रोहा रेफर कर दिया और हर्ष और सुधीर को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।