पराली जलाए जाने वाले गांवों के सरपंचों और नंबरदारों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने तीन गांवों के सरपंच और 5 नंबरदारों को निलंबित करने के आदेश दिए। डीसी ने गांव भट्टू खुर्द के सरपंच वीरेंद्र सिंह, अहरवां के सरपंच जसवंत सिंह और हिजरावां खुर्द की सरपंच राज रानी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया। तीनों सरपंचों पर आरोप है कि उन्होंने अपने-अपने गांव में पराली जलाए जाने की घटनाओं में लगाई गई ड्यूटी को सही तरीके से नहीं निभाया। डीसी ने नंबरदारों पर भी निलंबन की कार्रवाई की है। इसी तरह उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने गांव हिजरावा खुर्द के नंबरदार अमरजीत सिंह पुत्र पैदा सिंह व रमेश कुमार पुत्र धन्नु राम, गांव अहरवां के जीत राम पुत्र दुला राम तथा भट्टू खुर्द के नंबरदार राम कुमार पुत्र कालू राम व सुरजीत सिंह पुत्र सरदूल सिंह को निलंबित करने के आदेश दिए।
डीसी ने बताया कि पराली प्रबंधन के कार्य में आमजन का सहयोग जरूरी है। गांवों में पराली जलाने की घटनाएं घटी है। उन गांवों के सरंपचों और नंबरदारों की जवाबदेही निर्धारित कर जवाब तलब किया गया है जिन सरपंचों और नंबरदारों के जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए है,उन पर निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा प्रशासन द्वारा नियुक्त किए नोडल अधिकारी एडीए, ग्राम सचिव और पटवारी पर भी अनियमितता पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जो व्यक्ति धान की पराली एवं अन्य फसली अवशेष को जलाने तथा नियमों की अवहेलना करते हैं तो उनके पास आर्म लाइसेंस है लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी की जाएगी।