फतेहाबाद। जिले में सोमवार को स्वाइन फ्लू के तीन नए मामले सामने आए हैं। इनमें पिरथला का तीन वर्षीय बच्चा और टोहाना व रतिया की दो महिलाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बचाव और लक्षणों को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिरथला निवासी तीन वर्षीय बच्चे, टोहाना निवासी 51 वर्षीय महिला और रतिया निवासी 52 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों महिलाएं निजी अस्पताल में भर्ती हैं। नए मामलों के साथ जिले में स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या नौ हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल में आठ बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया है। सिविल सर्जन डॉ. बुधराम ने बताया कि स्वाइन फ्लू एच1एन1 वायरस से होने वाला संक्रामक श्वसन संक्रमण है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बात करने से निकली बूंदों से संक्रमण फैल सकता है। संक्रमित सतह छूने के बाद आंख, नाक या मुंह छूने से भी संक्रमण हो सकता है।
उन्होंने बताया कि तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, जुकाम, शरीर और सिर में दर्द, थकान, उल्टी, नाखून नीले पड़ना, सीने में दर्द और सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण दिख सकते हैं। ऐसे लक्षण होने पर मास्क लगाकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाएं और जांच करवाएं। सरकारी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जांच और उपचार निशुल्क उपलब्ध है।
बचाव के लिए खांसते और छींकते समय मुंह व नाक रूमाल या टिश्यू से ढकें। भीड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाएं और संभव हो तो भीड़ से बचें। प्रभावित व्यक्ति से हाथ मिलाने और गले मिलने से बचें। डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न लें।