फतेहाबाद। व्यापार मंडल अनाजमंडी के 6 पदों के लिए चुनाव के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव 13 सितंबर को दीप होटल में करवाए जाएंगे। चुनाव अधिकारी गोपाल राय चौधरी ने बताया कि चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
चुनाव में प्रधान, वरिष्ठ उपप्रधान, उपप्रधान, सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए मतदान होगा। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन वरिष्ठ उपप्रधान पद के लिए सुरेश कुमार, उपप्रधान पद के लिए कृष्ण तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए सुरेन्द्र ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चुनाव अधिकारी के अनुसार उम्मीदवार 24 से 26 अगस्त तक सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 27 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसी दिन उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस भी ले सकेंगे। 29 अगस्त को उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।
मतदान प्रक्रिया में 268 पुरुष और 15 महिलाएं होंगी शामिल
13 सितंबर को शहर सिरसा रोड स्थित दीप होटल में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। व्यापार मंडल अनाजमंडी में कुल 283 मतदाता हैं। इनमें 268 पुरुष और 15 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी और इसके तुरंत बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। उम्मीदवार अगले दो दिन और नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं।
बूथ नंबर 10 से मिलेंगे नामांकन फॉर्म
उम्मीदवार व्यापार मंडल अनाजमंडी के कार्यालय स्थित बूथ नंबर 10 से नामांकन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। भरे हुए नामांकन पत्र भी इसी कार्यालय में जमा करवाने होंगे। चुनाव अधिकारी गोपाल राय चौधरी ने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाई जाएगी। चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए चुनाव कमेटी का भी गठन किया गया है। इसमें रविन्द्र काला पीला, विजय मेहता और पार्षद अर्जुन कटारिया को शामिल किया गया है।