जाखल। नगर पालिका में अध्यक्ष व पार्षदों को लेकर बुधवार को नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया चली। इस दौरान पार्षद पद के लिए आए 51 नामांकन से 18 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापिस लिए। वहीं अध्यक्ष पद के लिए एक उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस लिया है। अब जाखल नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए अब तीन दावेदार सामने हैं।
अधिकारियों से मिली जानकारी अनुसार, आनंद कुमार ने अपना नामांकन वापिस लिया गया है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी रसविंद्र सिंह धून ने बताया कि नामांकन पत्र वापस लेने के निर्धारित समय के उपरांत उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया दो मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक संपन्न होगी। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। इस मौके पर निर्वाचन अधिकारी प्रतीक हुड्डा, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं नायब तहसीलदार रसविंद्र सिंह, बीडीपीओ किन्नी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।
पार्षद पद से इन्होंने वापिस लिया नामांकन
वार्ड 2 से निर्मल कौर व राहुल
वार्ड 3 से सिमरनजीत कौर व राजीव कुमार
वार्ड 4 से अर्जुन कुमार
वार्ड 5 से पूजा रानी
वार्ड 6 से राकेश गर्ग
वार्ड 7 से वीना रानी व कौशल्या
वार्ड 8 में नायब राम
वार्ड 10 से अजय कुमार व विक्रम कुमार
वार्ड 11 से रजनी
वार्ड 12 से प्रवीण और रविंद्र
वार्ड 13 से प्रिया व अभिषेक
वार्ड 14 से कोमल खटाना
पार्षद पद व अध्यक्ष पद के लिए कुल 36 मैदान में
गौरतलब है कि नामांकन प्रक्रिया वापसी के दौरान बुधवार को शहर के 14 वार्डों में से पार्षद पद के लिए कुल 33 उम्मीदवार मैदान में है। वहीं ऐसे में अध्यक्ष पद को लेकर तीन उम्मीदवार सामने है। इसमें से अब कुल 36 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमाने के लिए मैदान में उतरे हैं।
विकास कुमार व सुरेंद्र मित्तल में कांटे की टक्कर
नगर पालिका के अध्यक्ष पद को लेकर तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें दो में ही कांटे की टक्कर मानी जा रही है। भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र मित्तल भाजपा के चिह्न पर चुनाव लड़ रहे हैं, तो वहीं विकास कुमार आजाद के तौर पर मैदान में हैं। ऐसे में शहर की गलियारों में इन दो उम्मीदवारों में कांटे की टक्कर बनी हुई है। सुरेंद्र मित्तल भाजपा की प्रदेश में सरकार होने के चलते शहर में अपना प्रचार कर रहे है, वहीं विकास कुमार शहर के वार्ड 10 से पूर्व पार्षद रह चुके हैं।
उम्मीदवार गीतू रानी हैं विकास कुमार की पत्नी :
इसके अलावा अध्यक्ष पद के लिए गीतू रानी मैदान में हैं। गीतू विकास कुमार की पत्नी हैं। उम्मीदवार विकास कुमार ने बताया कि उसने अपनी पत्नी का नामांकन कवरिंग उम्मीदवार के तौर पर भरवाया था। इसे वापस नहीं लिया गया है, क्योंकि गीतू के उम्मीदवार रहने से बूथों पर एजेंट अधिक बन सकेंगे।