फतेहाबाद। गांव खाराखेड़ी के पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की हत्या मामले में पुलिस ने सोमवार को दो भाइयों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मंगलवार को इन्हें अदालत में पेश करेगी। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए, एवीटी और सदर थाना पुलिस की टीमें दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान में अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही हैं। आरोपियों के मोबाइल नंबरों को भी ट्रेस किया जा रहा है।
एसपी निकिता खट्टर ने बताया कि इस मामले में नामजद विनोद गोदारा उसके भाई विक्रम और जिले सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि राजेंद्र खिलेरी के परिवार और विनोद गोदारा व उसके परिवार के बीच अप्रैल में विवाद हुआ था। इस मामले में विनोद गोदारा के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी। वह कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। राजेंद्र खिलेरी के भतीजे सौरव ने प्राथमिकी में अप्रैल में हुए विवाद की रंजिश में हमले का जिक्र किया था।
पुलिस कई एंगल से कर रही जांच
पुलिस राजेंद्र खिलेरी के परिवार के बयान, चुनावी रंजिश और पंचायती जमीन पर स्थित ढाबे से जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है। राजेंद्र की हत्या शनिवार शाम उस वक्त कर दी गई थी जब वे ढाबे पर बैठे थे। पुलिस ने उनके भतीजे की शिकायत पर गांव के निलंबित सरपंच संजय, जिले सिंह, विक्रम, विनोद और हरीश सहित पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
-
हत्याकांड में नामजद आरोपियों की तलाश में तीन टीमें जुटी हैं। अभी तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। इन्हें मंगलवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ के साथ ही इनसे घटनास्थल की निशानदेही करवाई जाएगी।
- निकिता खट्टर, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद