फतेहाबाद। साइबर थाना पुलिस ने 50,661 रुपये की साइबर ठगी में कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों हिसार निवासी साहिल, शुभम और भगत सिंह नगर, हिसार निवासी साहिल को गिरफ्तार किया है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि गांव रूपांवाली निवासी पायल ने शिकायत दी थी कि 19 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल फोन पर खाते से रुपये कटने का संदेश प्राप्त हुआ। बैंक खाते का बैलेंस जांचने पर पता चला कि अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से उसके खाते से कुल 50 हजार 661 रुपये निकाल लिए गए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने किसी व्यक्ति के साथ न तो कोई ओटीपी साझा किया था और न ही अपना पासवर्ड बताया था। ठगी का पता लगने पर उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना में 8 फरवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की थी। इस मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।