दुनियाभर में बीते दिनों हुए साइबर अटैक की आंच फतेहाबाद तक पहुंच गई है। फतेहाबाद में भी साइबर अटैक की आशंका के चलते लघु सचिवालय और ई-दिशा केंद्र का काम लगभग 36 घंटे तक प्रभावित रहा। बाद में जिला सूचना एवं विज्ञान विभाग ने सचिवालय के सभी कंप्यूटरों को अपडेट किया, तब जाकर कामकाज दोबारा शुरू हो सका। दूसरी ओर, जिले के एक दर्जन से अधिक बैंक भी इस साइबर अटैक की आशंका के चलते प्रभावित रहे। बैंकों में महज एक ही कंप्यूटर पर कामकाज किया गया तो कई बैंकों के एटीएम बंद रखे गए।
ये आईं दिक्कतें
ई-दिशा में कामकाज को लेकर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को ई-दिशा में सर्वर बंद होने के कारण फीस आदि नहीं काटी जा सकी। इसी तरह नगर पालिका एवं गांवों में ग्राम सचिवालयों में भी फीस की रसीदें नहीं निकल सकी। इस कारण सारा काम ठप होकर रह गया। ई-दिशा के कर्मचारियों ने बताया कि एनआईसी को चंडीगढ़ से मेल आई थी कि इस हमले से बचने के लिए अपने स्तर पर सिक्योरिटी का प्रबंध करें। एनआईसी ने सिक्योरिटी प्रबंध करने के नाम पर सर्वर ही बंद कर दिया। साइबर अटैक के चलते ई-दिशा केंद्र में वाहन पासिंग, डीएल कागजात, पुलिस थाने की रपट, नगर परिषद में विभिन्न प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, तहसील कार्यालय में वसीयत और जमीन की फर्द और रजिस्ट्रियां भी नहीं हो सकी। रजिस्ट्रियों के लिए तहसील आफिस ऑनलाइन है, जहां स्टांप ड्यूटी भरने के बाद तहसीलदार अपनी आवश्यक कार्रवाई करता है। सोमवार को तहसील कार्यालय में सर्वर के साथ कंप्यूटर भी बंद रखा गया था।
सचिवालय के कंप्यूटर हुए अपडेट, तब जाकर शुरू हुआ कामकाज
हैकिंग से बचने के लिए लघु सचिवालय में लगे सभी कंप्यूटर सिस्टमों की विंडो को अपडेट कर दिया गया है, साथ ही नया एंटी वायरस भी कंप्यूटरों में लोड किया गया है। हरियाणा सरकार की ओर से भी एहतियात बरतने संबंधी आदेश बीते दिन जारी हो चुके हैं। इस संबंध में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रमेश शर्मा ने बताया कि रेंसमवेयर वायरस से निपटने के लिए सरकार की ओर से विशेष हिदायत जारी की गई थी। साथ ही माइक्रोसॉफ्ट की ओर से जारी बुलेटिन के आधार पर कंप्यूटर को अपडेट किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी सिस्टमों पर डेली बैकअप सिस्टम ऑन कर दिया गया है और विभागाध्यक्षों को जानकारी दी गई है।
बैंकों में भी रही परेशानी, एटीएम व्यवस्था ठप्प
सोमवर को बैंकों में सर्वर बंद रहने से उपभोक्ताओं को दिक्कत आई। बैंक कर्मी पैसे जमा कर रसीद दे रहे थे जबकि बाहर के चेकों की क्लीयरिंग भी नहीं हो सकी। मंगलवार को बैंकों में सिर्फ एक कंप्यूटर शुरू कर आपातकालीन काम किया जाता रहा। उपभोक्ताओं को रसीद देकर आश्वस्त किया गया कि जैसे ही सर्वर चलेगा, उनका खाता अपडेट कर दिया जाएगा। पंजाब नेशनल लीड बैंक के अधिकारी जीएस मल्होत्रा ने बताया कि ऊपर से ये चेतावनी आई थी कि अज्ञात फाइलों की अटैचमेंट वाली मेल को ना खोला जाए। इस कारण ऐतिहातन सावधानी से काम किया गया। इसका फर्क बैंकों के कामकाज पर साफ तौर पर पड़ा। मंगलवार को बैंकों के एटीएम बंद रहने से भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उपभोक्ताओं को ये आई परेशानी
सोमवार सांय से एटीएम के लगातार चक्कर काट रहा हूं लेकिन पैसे नहीं निकल सके। एटीएम बकायदा बंद ही कर दिए गए हैं, जिसके चलते पैसे निकालने के अलावा भी कोई अन्य काम नहीं कर सका।
संदीप कुमार, बैंक उपभोक्ता
मंगलवार को बैंक में चेक का पता करने गया तो पता चला कि किसी वायरस के चलते बैंकों का सिस्टम बंद किया गया है। अब बुधवार को चेक का पता करने को कहा गया है। एटीएम से भी कैश नहीं निकाल सका।’
सौरभ कुमार, बैंक उपभोक्ता
नई स्कूटी के लिए फाइल जमा करवानी है, लेकिन दो दिन से फाइल ही जमा नहीं हो रही है। अब कह रहे हैं कि बुधवार को फिर से आना। वजह पूछी है तो बता रहे हैं कि सिस्टम खराब होने का खतरा है कोई।
सुशीला देवी, निवासी गांव ढांड