चोरों द्वारा तोडा गया दुकान का शटर। संवाद
टोहाना। शहर के कंवर सैन चौक के नजदीक स्थित ललितेश मोबाइल फोन की दुकान में दो चोर शटर तोड़कर हजारों रुपये की कीमत के मोबाइल फोन और नकदी चुरा ले गए। एक साल में इसी दुकान में चोरी की यह चौथी घटना है। चोरी की यह वारदात कैमरे में कैद हो गई।
वहीं सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। चोर दुकान से पांच मोबाइल फोन जिसमें एक टच मोबाइल, चार कीपेड मोबाइल फोन और नकदी चुराकर ले गए हैं। दुकानदार ललितेश ने बताया कि सुबह के समय जब वह दुकान पर आया तो शटर टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था।
जब ललितेश ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज देखी तो पता चला है कि दो चोर दुकान में घुसे और सबसे पहले कैमरे का रुख दूसरी तरफ कर दिया। इसके बाद वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। उसने बताया कि चोरों ने रॉड की मदद से शटर को उखाड़ा है। चोर अपना चेहरा ढके हुए हैं।
एक साल में चौथी बार हुई चोरी
दुकान के मालिक ललितेश ने बताया कि उसकी दुकान में एक साल में चार बार चोरी हो चुकी है। उसने हर बार पुलिस को इस बारे में शिकायत दी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ललितेश के अनुसार, टोहाना में बढ़ता नशे का कारोबार इन चोरियों का मुख्य कारण है। नशेड़ी अपनी लत की पूर्ति के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं।