फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन सिलिंडरों के तांबे के 60 पाइप चोरी

विज्ञापन
नागरिक अस्पताल में सिलिंडर कक्ष का ताला जो कि खोलकर फौंका गयासंवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पोल खुल गई है। चोरों ने अस्पताल की इमरजेंसी के सामने बने ऑक्सीजन सिलिंडर कक्ष के अलावा तीन जगहों से तांबे के पाइप चुरा लिए। इन तीन जगहों पर इमरजेंसी के लिए ऑक्सीजन सिलिंडर रखे गए हैं।
विज्ञापन


वारदात का पता मंगलवार सुबह चला जब ऑक्सीजन प्लांट में दिक्कत आई और सप्लाई बंद हो गई। इमरजेंसी में सिलिंडरों से सप्लाई शुरू करने के लिए तकनीशियन जब कक्ष में पहुंचा तो चोरी की वारदात का पता चला। चोरों ने एक साथ तीन जगहों पर वारदात को अंजाम दिया है। हैरानीजनक बात यह है कि यहां तैनात कर्मचारियों को घटना का पता ही नहीं चला।

चोरों ने इमरजेंसी के सामने बने कक्ष, पोस्टमार्टम के पास बने कक्ष और नशा मुक्ति केंद्र में ऑक्सीजन सिलिंडर से सप्लाई से जोड़ने वाले 60 पाइप चुरा लिए। घटना के बाद नागरिक अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को शिकायत दी है।
विज्ञापन




कॉपर के 32 पाइप एक साथ खोले, भनक तक नहीं लगी

नागरिक अस्पताल में सभी वार्डों में ऑक्सीजन की सप्लाई प्लांट से होती है। यहां पर 500 एलपीएम (लीटर प्रति मिनट) का प्लांट लगाया गया है। लेकिन आपातकालीन स्थिति के लिए अस्पताल प्रशासन ने तीन जगहों पर ऑक्सीजन सिलिंडर रखे हुए हैं। प्लांट में दिक्कत आने पर इमरजेंसी में सिलिंडर से ऑक्सीजन की सप्लाई दी जाती है। सिलिंडर से मुख्य पाइप में सप्लाई देने के लिए एनआरवी पाइप लगाए जाते हैं जो तांबे के होते हैं। आपातकालीन के सामने बने कक्ष में 32 प्वाइंट दिए गए हैं जहां से सभी पाइप चोरी हुए हैं। वहीं पोस्टमार्टम कक्ष के पास सिलिंडरों के लिए बनाए कक्ष से 18 पाइप चोरी हुए हैं। इसके अलावा नशा मुक्ति केंद्र में 10 प्वाइंट दिए गए हैं वहां से भी तांबे के पाइप चोरी हुए हैं।



निजी अस्पताल और सिरसा से मंगवाया सामान

नागरिक अस्पताल में मंगलवार सुबह ऑक्सीजन प्लांट में खराबी आ गई और बंद हो गया। सप्लाई बंद हुई तो तकनीशियन सिलिंडर से सप्लाई शुरू करने के लिए पहुंचा। लेकिन वहां सिलिंडर से जोड़ने के लिए कॉपर पाइप ही नहीं मिले। इसके बाद आनन-फानन में निजी अस्पताल से पाइप लेकर चार प्वाइंट से ऑक्सीजन सप्लाई शुरू की गई और सिरसा से सामान मंगवाया गया।

तकनीकी का जानकार ही दे सकता है वारदात को अंजाम

नागरिक अस्पताल में कहां-कहां पर प्वाइंट लगे हुए हैं इसकी जानकारी चोर को थी। अधिकारियों की माने तो तकनीकी कुशल व्यक्ति ही वारदात को अंजाम दे सकता है। प्वाइंट को खोलने के लिए औजार की भी जरूरत होती है। ऐसे में वारदात को काफी देर तक अंजाम दिया गया।



अस्पताल की सुरक्षा पर उठे सवाल

नागरिक अस्पताल में चौकीदार के अलावा प्रत्येक वार्ड में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। इसके बावजूद तीन जगहों पर चोरी की वारदात हुई। पिछले दिनों नेशनल हेल्थ मिशन के निदेशक ने अस्पताल में लाइट न होने पर फटकार लगाई थी। हालांकि इसके बाद 140 लाइट लगाई जा चुकी हैं।





ऑक्सीजन सिलिंडर के पाइप चोरी होने का मामला सामने आया है। इसे लेकर तकनीशियन से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद जो भी कार्रवाई होगी वह की जाएगी। स्पष्टीकरण आने के बाद ही पुलिस को शिकायत दी जाएगी।
विज्ञापन


- डॉ. गुंजन बंसल, कार्यकारी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें