जाखल। शहर के मुख्य अग्रसेन चौक में रविवार देर रात को चोरों ने तीन दुकानों को अपना निशाना बनाकर लाखों रुपये के मोबाइल व नकदी चुराकर वारदात को अंजाम दिया। दुकानदारों को सुबह इसकी जानकारी हुईं तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले के मुताबिक शहर के अग्रसेन चौक के पास स्थित वीओ नामक मोबाइल दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोर दुकान से करीब 13 मोबाइल फोन चोरी कर ले गए हैं। इसके साथ ही वहां स्थित दूसरी मोबाइल दुकान के संचालक ने बताया कि उनकी दुकान का ताला तोड़कर चोर नकदी चोरी कर ले गए हैं। वहीं चोरों ने इन दुकानों से कुछ दूरी पर स्थित एक दुकान पर भी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन दुकान का लॉक मजबूत होने के कारण चोर वहां से चोरी नहीं कर पाए।
इस घटना को लेकर सुबह एकत्रित हुए आसपास के दुकानदारों ने रोष व्यक्त करते हुए पुलिस से इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
दुकानदारों ने कहा कि यदि अग्रसेन चौक के पास मुख्य बाज़ार में ही चोरियां होने लगेंगी तो इससे व्यापारियों का मनोबल गिरना स्वाभाविक है। इसे लेकर उन्होंने पुलिस से शहर में गश्त बढ़ाने की मांग की है।