मॉडल टाउन के घर में बिखरा समान :संवाद
रतिया। क्षेत्र में चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर चांदी की मूर्ति, नकदी और बाइक सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पहली वारदात शहर के अग्रसेन चौक के पास मॉडल टाउन स्थित एक बंद कोठी में हुई, जहां अलमारियों के ताले टूटे हुए मिले और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।
मकान मालिक अभि गर्ग चंडीगढ़ में रहते हैं। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के जरिए घर की खिड़की खुली देखी, जिसके बाद पड़ोसियों को सूचना मिली। सूचना पर शहर थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। मकान से करीब डेढ़ किलो चांदी की मूर्ति, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने की बात सामने आई है।
दूसरी वारदात न्यू टाउन निवासी राजेन्द्र के घर हुई, जो शेलर में मुनीम का काम करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि चोर घर से मोटरसाइकिल, 20 हजार रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर ले गए। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है