फतेहाबाद। अगर सब कुछ ठीकठाक रहा तो इस बार गर्मी के मौसम में शहर में पानी कमी की कमी नहीं रहेगी। जनस्वास्थ्य विभाग का खैराती खेड़ा रोड पर पानी स्टोरेज के लिए नया टैंक बनकर तैयार हो गया है। इस टैंक की क्षमता 1200 लाख लीटर की है।
25 मार्च से नहरबंदी होनी है, इसके बाद इस टैंक में पानी स्टोर किया जाएगा। टैंक में पानी स्टोर होने के बाद माना जा रहा है कि गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत नहीं रहेगी। शहर में नहरी पानी सप्लाई के लिए खैरातीखेड़ा रोड पर दो टैंक बने हुए हैं। इन टैंकों की क्षमता 250 मिलियन लीटर है। ऐसे में इस टैंक के शुरू होने के बाद क्षमता 3700 लाख लीटर तक पहुंच जाएगी।
जनस्वास्थ्य विभाग ने इस टैंक का निर्माण करीब 6 माह पहले शुरू करवाया था। इसका निर्माण करीब 90 फीसदी तक पूरा हो गया है। 10 फीसदी काम होने के बाद इसमें पानी की स्टोरेज विभाग करेगा। अधिकारियों की माने तो नहरों के ऊपर भी स्टोरेज की स्थिति निर्भर करेगी। अगर लंबे समय तक नहर चलती है तो स्टोरेज में समस्या नहीं आएगी। संवाद
-
135 लीटर प्रति व्यक्ति देता है विभाग
जनस्वास्थ्य विभाग शहर में लगभग क्षेत्र में नहरी पानी सप्लाई कर रहा है। शहर की जनसंख्या करीब 92 हजार है। विभाग 135 लीटर प्रति व्यक्ति प्रति दिन के हिसाब से पानी की सप्लाई का दावा करता है।
-
आठ करोड़ के प्रोजेक्ट में शामिल था टैंक निर्माण
जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा पिछले साल शहर में पुरानी पाइपों को बदलने और नई कॉलोनियों में पाइपें डालने को लेकर आठ करोड़ का टेंडर लगाया गया था। जिसमें स्टोरेज टैंक भी शामिल था। इसके अलावा अशोक नगर में नहरी पानी देने के लिए विभाग की तरफ से पटवार भवन के पीछे बूस्टिंग स्टेशन बनाया गया है। यहां से अशोकनगर क्षेत्र में नहरी पानी सप्लाई दी जानी है।
-
ये है जिले में पानी कनेक्शनों की स्थिति
खंड शहर गांव
फतेहाबाद 18385 23780
भूना 5039 17080
जाखल 1066 7592
रतिया 6149 19130
टोहाना 16812 22222
-
छुट्टी के दिन 42 उपभोक्ताओं ने एक लाख रुपये पानी का बिल जमा करवाया
जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा पानी बिल के रिकवरी को लेकर काउंटर शनिवार को छुट्टी के दिन भी खुला रहा। शनिवार को काउंटर पर 42 उपभोक्ताओं ने करीब एक लाख रुपये पानी का बिल जमा करवाया है। रविवार को भी जनस्वास्थ्य विभाग का काउंटर पानी बिल जमा करवाने को लेकर खुला रहेगा। अधिकारियों की माने तो करीब 8 करोड़ रुपये पानी बिल बकाया है। जबकि अभी तक 80 लाख रुपये ही रिकवरी हुई है।
-
अबकी बार गर्मियों में पानी की समस्या नहीं रहेगी। जनस्वास्थ्य विभाग का 120 मिलियन लीटर का स्टोरेज टैंक बनकर लगभग तैयार हो गया है। नहरबंदी के बाद इसमें पानी स्टोरेज किया जाएगा।
- सतपाल रोज, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग, फतेहाबाद।