टोहाना। शिव नंदीशाला एवं गोशाला में 17 नवंबर रविवार को सामूहिक कन्या विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। नंदीशाला के संयोजक धर्मपाल सैनी ने बताया कि नंदीशाला गो सेवा के साथ-साथ मानव सेवा का संकल्प लिए हुए हैं। इसलिए ऐसे अनेक कार्य करती है, जो मानव सेवा के भी हैं।
मानव सेवा के इन्हीं कार्यों में अब नंदीशाला 17 नवंबर को दो बेटियों तमन्ना और कविता की शादी करवा रही है। दोनों के माता-पिता नहीं है। यह बेटियां अपनी नानी शीला के पास राज नगर में रहती हैं। सैनी ने कहा कि जब यह परिवार नंदीशाला में उनके पास सहायता के लिए आया तो नंदीशाला की प्रबंधन कमेटी ने दोनों बेटियों की शादी करने पर सहमति जता दी।
इन दोनों बेटियों की बरात आएगी तो ढोल, बैंड बाजे के साथ स्वागत किया जाएगा। सैनी ने कहा कि जिस प्रकार एक पिता अपनी बेटियों को दान का सामान देता है, उसी प्रकार शिव नंदीशाला कमेटी भी पूरा सामान इन बेटियों को देगी। धर्मपाल सैनी ने इन बेटियों के कन्यादान करने के लिए क्षेत्र के लोगों से सहयोग देने की अपील भी की है। इस मौके पर संरक्षक रामकुमार, बलजीत सैनी, महावीर सैनी, महेंद्र सिंह, भीम सिंह, राजेश जैन, छितर, रिशिपाल और सरदारा राम आदि मौजूद रहे।