फतेहाबाद। नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को बाबा श्याम वेलफेयर सोसायटी और स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर विजय सहारण द्वारा रखे गए सद्बुद्धि हवन को लेकर जमकर हंगामा हुआ। हवन से शहर की सरकार घबरा गई और हवन रोकने के लिए नगर परिषद कार्यालय पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
हवन के लिए संस्था के प्रधान विजय सहारण के नेतृत्व में लोग 33 केवी सब स्टेशन में इकट़्ठे हुए। इसके बाद संस्था पदाधिकारी व लोग नगर परिषद कार्यालय में हवन कुंड और पुरोहित के साथ पहुंचे। यहां शहर थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने हवन करने से रोक दिया। थाना प्रभारी और आयोजकों के बीच करीब 20 मिनट तक तनातनी हुई और बहस चलती रही। पुलिस ने हवन नहीं करने दिया। जब आयोजकों ने हवन करने की कोशिश की तो पुलिस ने कुंड खींचने का प्रयास किया। एसएचओ ने कहा कि यहां पर किसी कीमत पर हवन नहीं करने देंगे। हंगामा बढ़ता देख आयोजकों ने करीब 150 फुट दूर आंबेडकर पार्क में हवन किया।
हालांकि, जब तक हवन पूरा नहीं हुआ, तब तक नगर परिषद परिसर के बाहर पुलिस फोर्स खड़ी रही। आयोजकों को हवन न करने देने की पहले से भनक थी। रविवार को कुछ पार्षदों ने उपप्रधान सविता टुटेजा के प्रतिष्ठान पर इकट्ठे होकर इसका विरोध किया था और कहा था कि वह हवन नहीं करने देंगे। दोनों तरफ से तनातनी को देखते हुए नगर परिषद कार्यालय में सुबह पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। जब आयोजक पहुंचे तो एसएचओ ने हवन करने से रोक दिया। एसएचओ ने कहा कि उनके पास पार्षदों की तरफ से शिकायत है और वह हवन नहीं करने देंगे। अगर यहां पर जबरदस्ती करेंगे तो कार्रवाई करने पर मजबूर होना पड़ेगा। संस्था के पदाधिकारी और उनके साथ आए किसानों ने कहा कि यहां पर हवन किया जा रहा है और इसको लेकर एतराज नहीं होना चाहिए। जब पार्षद आपस में लड़ते हैं तब पुलिस कहां होती है। पुलिस के पास शिकायत है तो बताएं कि किसने दी है। मगर एसएचओ लिखित शिकायत नहीं दिखा पाए। इस दौरान इनेलाे नेता विकास मेहता और किसान नेता मनदीप नथवान ने कहा कि वह आंबेडकर पार्क में हवन करेंगे।
विरोध करने खुद नहीं आए पार्षद
हवन को लेकर नगर परिषद कार्यालय में विरोध करने के लिए कोई भी पार्षद नहीं आया। इसके अलावा रविवार को विरोध कर रहे पार्षद भी नदारद दिखे। लेकिन पुलिस का दबाव डलवाया गया और नगर परिषद कार्यालय में हवन नहीं करने दिया गया।
हवन में भाग लेने नहीं पहुंचे शहरवासी, न ही कोई संस्था आई
नगर परिषद में सद्बुद्धि हवन को लेकर स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर एवं बाबा श्याम वेलफेयर सोसायटी के प्रधान विजय सहारण ने पांच दिन पहले सोशल मीडिया पर आकर कहा था कि पार्षदों की आपसी खींचतान और बैठक में हंगामा करने के चलते करीब डेढ़ साल से विकास कार्य शहर में नहीं हो रहे हैं। जो विकास कार्य में रोड़ा बने हैं, उन्हें भगवान सद्बुद्धि दे, इसलिए हवन करवाया जाएगा और शहरवासी व अन्य संस्थाएं पहुंचे। मगर सोमवार को हवन में शहर से दो-चार लोगों के अलावा कोई नहीं पहुंचा। हवन में संस्था के पदाधिकारी, सदस्य व किसान ही मौजूद रहे।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर परिषद कार्यालय में हवन नहीं करने दिया गया था। लोगों को समझाया गया था कि यहां हवन नहीं करने दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने आंबेडकर पार्क में हवन किया।
-ओमप्रकाश बिश्नोई, प्रभारी, शहर पुलिस थाना
-
फोटो नंबर 18 से 20
-