फतेहाबाद के भट्टूकलां बस स्टैंड पर शाम के समय बस के इंतजार में खड़े यात्री।
फतेहाबाद। फतेहाबाद से भट्टूकलां के लिए शाम को छह बजे के बाद बस की कोई सुविधा नहीं है। जिस कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फतेहाबाद से भट्टूकलां जाने के लिए अनेक यात्री शाम को छह बजे के बाद भट्टूकलां के लिए जाने के लिए भट्टू बस स्टैंड पर खड़े रहते हैं। भट्टूकलां रेलवे स्टेशन पर रात को आठ बजे दिल्ली से ट्रेन आती है, इन लोगों को भी फतेहाबाद आने में काफी दिक्कत होती है। मजबूरन लोगों को ऑटो में 50 रुपये प्रति सवारी देकर भट्टूकलां व फतेहाबाद जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
फतेहाबाद से भट्टूकलां जाने के लिए रोडवेज विभाग की ओर से दिन में तो हर आधे घंटे बाद बसों की सुविधा है। यहां से स्पेशल वाया भट्टूकलां से चौपटा, राजस्थान के भादरा व नोहर के लिए बसें चलती रहती हैं। लेकिन छह बजे के बाद फतेहाबाद से भट्टूकलां बस स्टैंड व भट्टूकलां से फतेहाबाद के लिए बसों का पहिया रुक जाता है। शाम को सात बजे एक निजी बस चलती है, जो जयपुर के लिए चलती है और लोकल भट्टू की सवारियों को बस में नहीं चढ़ाती। कई बार बाहर से भट्टूकलां जाने वाले लोग जो देरी से आते हैं, उनको बस नहीं मिलती। यहां तक कि गांव मानावाली मोड, ढिंगसरा, मेहूवाला मोड, किरढान मोड, सिरढान मोड व भट्टूकलां के लोगों को बस नहीं मिल पा रही है।
ऑटो चालक प्रति सवारी भट्टूकलां पहुंचाने के लेते हैं 50 रुपये
हालात यह है कि भट्टूकलां व रास्ते में आने वाले गांव ढिंगसरा के लिए यात्रियों को 30 से 50 रुपये प्रति सवारी ऑटो के लिए देनी पड़ती है। यही हालात रात को ट्रेन से भट्टूकलां आने वाले यात्रियों के साथ होती है। रात को उनको कोई बस नहीं मिलती, जिस कारण यात्रियों को कई बार तो 400 रुपये में एक ऑटो लेकर फतेहाबाद आना पड़ता है। रात को भट्टूकलां से बस तो राजस्थान से आती है, लेकिन सवारियों को इसकी जानकारी नहीं होती।
कोट
भट्टूकलां जाने के लिए शाम को बस का इंतजाम किया जाएगा। विभाग के पास मिनी बसें आई हुई हैं और शाम के समय एक बस भट्टूकलां के लिए चला दी जाएगी।
-शेर सिंह, जीएम रोडवेज, फतेहाबाद।