फतेहाबाद। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को जिलास्तरीय रन फॉर यूनिटी मैराथन आयोजित की गई। पूर्व विधायक दुड़ाराम ने पंचायत भवन से मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई।
मैराथन पंचायत भवन से शुरू होकर एमएम कॉलेज तक पहुंची। पूर्व विधायक दुड़ाराम ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल का जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रतीक है। आजादी के बाद अनेक रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने मजबूत और अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उनके दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता से देश को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य संभव हुआ। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस सरदार पटेल के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करने का अवसर है। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के लिए सभी को तत्पर रहना चाहिए।
रन फॉर यूनिटी केवल मैराथन नहीं बल्कि देश की एकता और अखंडता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत होती है। मैराथन में पूर्व विधायक दुड़ाराम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, डीसी डॉ. विवेक भारती और एसपी निकिता खट्टर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी युवाओं के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
दुड़ाराम ने कहा कि भारत की विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराओं के बावजूद देशवासी एक राष्ट्र के रूप में एकजुट हैं। आपसी सद्भाव, सहयोग और भाईचारे से ही राष्ट्र की प्रगति में योगदान दिया जा सकता है।
इस अवसर पर एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम राजेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीएमसी प्रवीण कुमार, डीडीपीओ अनूप सिंह, उपनिदेशक अमित पंवार और डिप्टी सीएमओ डॉ. शरद तुली सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।