फतेहाबाद के भीमां बस्ती रोड पर कार में तोड़फोड़ करता सीसीटीवी में नजर आता हुआ युवक
फतेहाबाद। शहर के भीमां बस्ती रोड पर वीरवार देर रात को ससुराल आए युवक की खड़ी गाड़ी को एक युवक ने आग लगा दी। इससे पहले युवक ने पत्थर से गाड़ी में तोड़फोड़ भी की, वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसमें नजर आ रहा है कि युवक स्कूटी पर आता है और फिर वारदात को अंजाम देकर चला जाता है। पड़ोसी युवक द्वारा समय रहते देख लेने पर आग को बुझा दिया गया। मामले में पुलिस को जानकारी दी गई है। गाड़ी मालिक ने भूना निवासी विक्की नाम के युवक पर आरोप लगाया है।
मामले के मुताबिक शिव चौक में अपने ससुराल आए चिराग ने बताया कि वीरवार देर रात को विक्की नाम का युवक स्कूटी पर आया और उसने सड़क पर साइड में खड़ी गाड़ी का चालक साइड का शीशा पत्थर से तोड़ देता और फिर गाड़ी पर कोई ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर आग लगा दी। उन्होंने बताया कि पास में ही रहने वाले युवक ने समय रहते यह सब देखा तो उसने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझा दी, नहीं तो पूरी गाड़ी जल जाती। आग लगने से गाड़ी का टायर और अंदर सीटें जल गईं। आरोप है कि विक्की उनसे पुरानी रंजिश रखता है और पहले उसने परिवार को फोन पर धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।