कुदरत की अनोखी लीला भी अपरंपार होती है। मंगलवार को एक महिला ने एंबुलेंस में बच्ची को जन्म दिया है। एंबुलेंस में तैनात आपातकालीन चिकित्सा टेक्नीशियन ने एंबुलेंस चालक के साथ मिलकर प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला की डिलीवरी करवा दी।
बाद में महिला और नवजात बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवाया गया, जहां जच्चा-बच्चा एकदम स्वस्थ हैं। सोमवार सुबह सवा दस बजे उकलाना रोड पर स्थित गोयल ईंट भट्ठे पर कार्य करने वाले विक्रम की पत्नी 27 वर्षीय रेखा को अचानक प्रसव पीड़ा हुई।
विक्रम ने मामले की सूचना तुरंत आपातकालीन नंबर 102 पर दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना की एंबुलेंस पहले से ही हिसार भेजी जा चुकी थी। ऐसे में पीएचसी नहला की एंबुलेंस के चालक को मामले की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नहला की एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और प्रसव पीड़ा से कराह रही रेखा को लेकर सीएचसी भूना की ओर निकल पड़ी।
अभी एंबुलेंस महज दो सौ मीटर भी नहीं चल पाई होगी कि असहनीय दर्द से रेखा चिल्लाने लगी। मौके की नजाकत को देखते हुए एंबुलेंस मेें तैनात आपातकालीन चिकित्सा टेक्नीशियन जयबीर सिंह और एंबुलेंस चालक ईश्वर सिंह ने महिला की नार्मल डिलीवरी करवा दी। रेखा ने एक बच्ची को जन्म दिया है। जच्चा-बच्चा पूर्णतया स्वस्थ हैं।