फतेहाबाद। पिछले करीब 20 दिनों से जिले में घना कोहरा छा रहा है। इससे दृश्यता बहुत कम हो गई है और वाहन चालकों को राष्ट्रीय राजमार्ग तथा गांव मूसेअहली से ढाणी छतरियां रोड पर सफेद पट्टियों के अभाव में आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सफेद पट्टियां सड़क की चौड़ाई और किनारे का अनुमान लगाने में मदद करती हैं। इनका न होना हादसों की आशंका बढ़ा रहा है। सर्दियों में सुबह और शाम के समय कोहरा इतना घना हो जाता है कि सड़क का किनारा पहचानना भी मुश्किल हो जाता है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ लगती सर्विस रोड पर इन पट्टियों का न होना खासकर रात के समय खतरनाक साबित हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार कोहरे के दौरान वाहन सड़क से उतर सकते हैं, इससे यात्रा में दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है।
मूसेअहली से ढाणी छतरियां को जोड़ने वाली लिंक रोड के किनारे कई जगह टूट चुके हैं। सड़क के बीचों-बीच और किनारों पर गहरे गड्ढे हैं, जो कोहरे में दिखाई नहीं देते। टूटे किनारे सड़क को और संकरा बना देते हैं, जिससे दो वाहनों का एक साथ गुजरना मुश्किल और खतरनाक हो जाता है। ग्रामीण संदीप, विनोद और रमनदीप ने कहा कि यदि सड़क की मरम्मत और सफेद पट्टियां जल्द नहीं लगाई गईं, तो गंभीर हादसा हो सकता है।
सर्दी से पहले सफेद पट्टी बनाने के दावे
हर साल सर्दी शुरू होने से पहले सड़कों के रख-रखाव के दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके उलट है। ढाणी छतरियां और आसपास के ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि सुरक्षा की दृष्टि से तुरंत सड़क के किनारों की मरम्मत करवाई जाए और रिफ्लेक्टर या सफेद पट्टियां लगाई जाएं ताकि लोगों का सफर सुरक्षित हो सके।
-
:: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 9 पर तारकोल की नई परत बिछाए जानी है। नई परत बिछाने के साथ-साथ सफेद पट्टी बनाई जाएगी। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द पट्टी बनाने का काम पूरा होगा।
-सुभाष भांभू, रेजीडेंटल इंजीनियर,राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, हिसार।
फतेहाबाद के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 9 पर नहीं है सफेद पट्टी। संवाद