बुवान गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में तीन महिलाओं सहित 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों ही पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के लिए दोनों ही पक्ष एक दूसरे के खिलाफ आरोप लगाए हैं। थाना प्रभारी हसंराज बिशभनोई ने बताया है कि पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं। जांच प्रक्रिया के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बुवान गांव में तीन सगे भाई चतर सिंह, नंद लाल व जयलाल की करीब 20 एकड़ भूमि मुश्तर खाते में लंबे समय से चली आ रही थी। लेकिन अब उपरोक्त तीनों की संतानाें के बीच जमीन अच्छी उपजाऊ तथा बिरानी जमीन बंटवारे को लेकर करीब 5 वर्षों से विवाद चला आ रहा हैं। मामला कई बार पुलिस स्टेशन भी पहुंचा। दोनों पक्षों के विरुद्ध कानूनी क ार्रवाई भी हुई लेकिन पंचायती तौर पर मामले को निपटाने के लिए दर्जनों बार प्रयास भी किए गए।
शनिवार को उपरोक्त विवाद के कारण दोनों परिवारों में गंड़ासी व लाठियां चलने से कई घायल हो गए हैं। इनमें सरोज पत्नी अजबीर सिंह, सुषमा पत्नी राजबीर, सरजीत सिंह, सुखबीर सिंह, प्रदीप कुमार आदि घायल हो गए हैं जबकि दूसरे पक्ष के मदन मोहन, सुखी देवी, जयबीर सिंह, रघुबीर सिंह व अजीत सिंह को गंभीर चोटे लगी हैं। दोनों ही पक्ष के लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भूना में दाखिल किया गया हैं। इनमें सरोज बाला की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि दूसरे पक्ष के मदन मोहन को अधिक चोटे आई हैं। मुश्तर खाते की जमीन को लेकर नायब तहसीलदार न्यायालय भूना में मामला विचाराधीन है।
घर पर बोला हमला
वृद्ध सुखी देवी ने बताया कि वह अपने घर में बैठी हुई थीं। महिला और पुरुषों ने उनके परिवार के सदस्यों पर कातिलाना हमला बोल दिया। जिसमें उन्होंने गंड़ासियों से आधा दर्जन परिवार के लोगों पर वार किए।
ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास
बुवान निवासी सरोज पत्नी अजबीर सिंह ने आरोप लगाया है कि घर पर जमीनी विवाद को निपटाने के लिए रिश्तेदार इत्यादि पंचायती रूप से बातचीत हो रही थी। लेकिन रघुबीर सिंह व जयबीर तथा मदन मोहन आदि लोगों ने उनके घर पर हमला बोल दिया और ट्रैक्टर उसके ऊपर चढ़ाकर मारने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि उनके साथ आधा दर्जन लोग गंड़ासियों से लैस थे।