फोटो कैप्शन :- बैठक करते यूनियन सदस्य
जाखल। ट्रक यूनियन जाखल, एफसीआई लेबर यूनियन और फूड अलाइड लेबर यूनियन ने मजदूरों और ट्रांसपोर्ट से जुड़े हितों की रक्षा के लिए साझा संगठन बनाने का फैसला लिया है। तीनों यूनियनें मजदूरी की दरें घटाने और बाहरी मजदूर या ट्रक लाने के प्रयासों का मिलकर विरोध करेंगी।
हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन, जाखल में तीनों संगठनों की सोमवार को संयुक्त बैठक हुई। इसमें विभिन्न मंडियों में टेंडर, मजदूरी दरों और परिवहन से जुड़े मामलों पर आपसी तालमेल से काम करने का प्रस्ताव पारित किया गया। साझा संगठन के कामकाज और विवादों पर विचार करने के लिए तीनों यूनियनों के सदस्यों की कमेटी गठित करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में चांदपुरा मंडी के एमएलसी व एमटीसी, म्योंद मंडी के एमएलसी व एमटीसी और जाखल मंडी के एमटीसी टेंडर पर चर्चा हुई। संगठनों के अनुसार इन केंद्रों पर शुरुआत से ट्रक यूनियन जाखल काम कर रही है। यदि यहां कोई दूसरा ठेकेदार टेंडर लेता है तो दोनों लेबर यूनियनें ट्रक यूनियन का सहयोग करेंगी।
बैठक में गुरप्रीत सिंह, सरबजीत शर्मा, बलकार सिंह, नसीब सिंह, चानन सिंह खालसा, तरसेम सिंह और पाला राम सहित तीनों संगठनों के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
प्लेटी पर एफसीआई लेबर यूनियन का देंगी साथ
जाखल की प्लेटी पर होने वाले कार्यों के संबंध में भी सहमति बनी। यदि कोई ठेकेदार मजदूरी की दरें घटाने या बाहरी मजदूर लाने का प्रयास करता है तो ट्रक यूनियन और फूड अलाइड लेबर यूनियन एफसीआई लेबर यूनियन का समर्थन करेंगी। बैठक में स्पष्ट किया गया कि साझा संगठन किसी विशेष ठेकेदार का पक्ष नहीं लेगा। सभी ठेकेदारों के साथ समान व्यवहार किया जाएगा। संगठन का उद्देश्य अपने सदस्यों के काम और हितों की रक्षा करना होगा। साझा संगठन के खर्च में तीनों यूनियनें योगदान देंगी।