गांव कमालवाला की तरफ जाने वाली टूटी सड़कसंवाद
समैन। टोहाना बिजलीघर के सामने से गांव कमालवाला की ओर जाने वाली सड़क की जर्जर हालत ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करीब तीन किलोमीटर लंबी यह सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है।
यह सड़क टोहाना को नरवाना से जोड़ती है और ग्रामीणों की आवाजाही का मुख्य मार्ग है। गांव कमालवाला के ग्रामीण धूपा राम, बलिंद्र, प्रदीप, ईश्वर सिंह और महिपाल नैन ने बताया कि सड़क की हालत कई वर्षों से खराब है, लेकिन अब स्थिति और भी ज्यादा खराब हो चुकी है।
बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों को दुर्घटना का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग का इस्तेमाल टोहाना और हिसार जाने वाले लोग प्रतिदिन करते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और सरकार से मांग की है कि इस सड़क का पुनर्निर्माण करवाया जाए, ताकि आमजन सुरक्षित और सुगम यात्रा कर सकें।
-
-टोहाना से कमालवाला की तरफ जाने वाली सड़क का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसे ठीक करवाया जाएगा।
-अंकुश, जेई लोक निर्माण विभाग, टोहाना।