फतेहाबाद। शहर व ग्रामीण क्षेत्र में आबादी के ऊपर से गुजर रहीं बिजली की 175 लाइनें शिफ्ट करने का काम शुरू हो गया है। काम पूरा करने के लिए बिजली निगम ने दिसंबर तक का समय रखा है।
इन लाइनों से हादसे होने की आशंका बनी रहती थी। ऐसे में इन्हें हटाने के लिए लोगों की ओर से लंबे समय से मांग भी हो रही थी। इसके बाद बिजली निगम की ओर से 48 लाख रुपये का टेंडर लगाकर रतिया क्षेत्र से काम की शुरुआत की गई है। लाइन शिफ्टिंग का काम शुरू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि फतेहाबाद डिवीजन के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में निगम के कर्मचारियों ने 175 लाइनें ऐसी चिह्नित की हैं जो घरों के काफी करीब से गुजर रही हैं। काफी नीची लटकती बिजली की तार और घर की छत से के ऊपर से गुजर रहीं लाइनों से कई बार हादसे हुए हैं। इनमें अपंग होने से लेकर कई को तो अपनी जान भी गंवानी पड़ी थी।
इस बारे में दक्षिण हरियाणा बिजली निगम ने सभी उपमंडल के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी थी। इस दौरान डिवीजन की 175 बिजली लाइनें ऐसी मिलीं जो कि आमजन के लिए खतरनाक साबित हो रही थीं। उसके बाद इन लाइनों को चेंज करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद टेंडर लगाते हुए इन्हें हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
-
खंभों की कमी से हुई देरी
बिजली निगम को लाइन शिफ्टिंग का काम अक्तूबर में शुरू किया जाना था लेकिन 11 और 9 मीटर ऊंचाई की खंभों का स्टॉक खत्म होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका। इससे इस काम में देरी हो गई। पिछले 15 दिनों से लाइन शिफ्टिंग का सारा सामान पहुंचने के बाद अब काम जोरों पर है।
-
इन उपकेंद्रों की लाइनों का होगा काम
फतेहाबाद उपकेंद्र 11 केवीए-51 लाइन
रतिया क्षेत्र उपकेंद्र 11 केवीए-55 लाइन
भट्टू क्षेत्र उपकेंद्र 11 केवीए- 11 लाइन
बड़ोपल क्षेत्र उपकेंद्र 11 केवीए- 50 लाइन
-
एक साल में हो चुके दो हादसे
शहर के अग्रवाल कॉलोनी में इसी साल ट्रॉला बिजली लाइन की चपेट में आ गया था। तार में उठी चिंगारी से उसमें आग लग गई और वह पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया था। इसी माह भट्टूकलां में शराब ठेके के ऊपर बिजली की तार को हाथ छूने से युवक की मौत हो चुकी है।
:: फतेहाबाद डिविजन में लोगों व बड़े वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रही बिजली लाइनों की रिपोर्ट मांगी गई थी। इसके बाद दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से इनको शिफ्ट करने का काम शुरू किया गया है। उम्मीद है कि यह काम साल के अंत तक पूरा हो जाएगा।
-अशोक कुमार, कार्यकारी अभिंयता, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, फतेहाबाद।
फतेहाबाद की आदर्श कॉलोनी के घर में लगा बिजली खंभा और गुजरती ़़हजार वोल्टेज की लाइन। संवाद
फतेहाबाद की आदर्श कॉलोनी के घर में लगा बिजली खंभा और गुजरती ़़हजार वोल्टेज की लाइन। संवाद