पोस्टमार्टम में सामने आया कि अध्यापक जितेंद्र मंडेरना को छह गोलियां लगी थीं। इसमें से दो गोलियां सिर में मारी गईं। एक गोली आंख के पास सिर में लगी है। इसके अलावा दो गोलियां छाती और एक-एक गोली थाई और टांग पर लगी है। डॉक्टरों के अनुसार छाती और सिर में गोली लगने से मौत हुई है।
गांव रामसरा के राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में सोमवार की दोपहर हुई दड़ौली निवासी अध्यापक जितेंद्र मंडेरना की हत्या मामले में नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों की बनाई कमेटी ने पोस्टमार्टम से मना कर दिया। कमेटी ने विशेषज्ञ से पोस्टमार्टम करवाने की सलाह दी। जिस पर दोपहर बाद अग्रोहा मेडिकल से फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. हरीश अग्रवाल को बुलाया गया। डॉ. अग्रवाल के आने के बाद नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों की कमेटी ने पोस्टमार्टम किया गया।
बिना नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर आए थे हमलावर
पुलिस के मुताबिक हमलावर बिना नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर आए थे। हमलावरों ने चार हवाई फायर भी किए थे ताकि भीड़ उनके पास न आ सके। जितेंद्र पर ताबड़तोड़ गोलियां दागने के बाद तेजी से फरार हो गए।
मोबाइल सीडीआर की पुलिस करेगी जांच
पुलिस प्राथमिक जांच में हमले के पीछे कारण शराब ठेकेदारों का क्षेत्राधिकार मान रही है। मृतक का परिवार शराब ठेकों के कारोबार में है। इसके अलावा पुलिस अन्य एंगलों पर भी काम कर रही है। इसके चलते पुलिस मोबाइल सीडीआर की जांच करेगी।
हत्यारों की खोजबीन में जुटी पुलिस
पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर हत्यारों की खोजबीन में जुट गई है। पुलिस ने हत्यारों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की है। ये तीनों टीमें वारदात के हर पहलु पर ध्यान करते हुए हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास करने में जुट चुकी है। जेबीटी अध्यापक 32 वर्षीय जितेंद्र की गोली मारकर हत्या के मामले में उसके चचेरे भाई सतलीन के बयान पर दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 341, 506, 120 बी, व 25,54, 59ए, शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। - ओमप्रकाश, थाना प्रभारी, भट्टू कलां।