फतेहाबाद। जिले के विभिन्न गांवों में किसानों की साल भर की गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो रही है। कहीं गेहूं के फाने जलाने से उठी चिंगारी गन्ने के खेतों तक पहुंच गई, तो कहीं बिजली के ढीले तार से हुए शॉर्ट सर्किट से आग लगने के मामले सामने आए हैं। आग से अब तक करीब 20 एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल जल चुकी है।
जिले में गेहूं की कटाई का काम पूरा हो चुका है। खरीफ की फसलों की बिजाई के लिए किसान अपने खेतों की सफाई करने के लिए गेहूं के फानों में आग लगा रहे हैं। वहीं कई बार बिजली की तार के शॉर्ट सर्किट से भी खेतों में भी आग लग रही है। जिले के गांव अकांवाली, ढाबी कलां, बनावली और गोरखपुर सहित अन्य भी कई गांवों में आग गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो चुकी है।
किसान बीरपाल ने बताया कि गेहूं की कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेषों में लगाने फसल जल रही है। तेज हवा के साथ इन अवशेषों की आग आसपास के गन्ने के खेतों में फैल रही है। दूसरी, वजह जर्जर बिजली के तार हैं। शॉर्ट सर्किट की वजह से गिरी चिंगारियों के कारण सूखी पत्तियों में तुरंत आग भड़क रही है और देखते ही देखते पूरी फसल जल रही है।
-
किसानों ने की आर्थिक मदद की मांग
किसान भूप सिंह, जगदीश और रामकुमार ने बताया कि गन्ने की फसल की पैदावार साल में केवल एक की बार होती है। इसमें समय, खर्च और मेहनत अधिक लगती है। गन्ने के एकड़ पर अनुमानित 40 हजार रुपये खर्च आता है। इन दिनों गन्ने की कटाई का काम जारी है। ऐसे में आग से उनकी तैयार फसल बर्बाद हो गई है। आग लगने से उनको प्रति एकड़ दो से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रदेश सरकार से मुआवजा की मांग की है।
देरी से पहुंच रही दमकल की गाड़ी
अपनी मांगों को लेकर जिले भर के दमकल विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। ऐसे में आग से निपटने के लिए रोडवेज के 10 चालकों को दमकल विभाग में तैनात किया गया है लेकिन अनुभव की कमी होने व घटनास्थल का कम ज्ञान होने के कारण उनको पहुंचने में देरी हो रही है। मंगलवार को गांव बनावली के खेतों में गन्ने की फसल में लगी आग के दौरान करीब एक घंटे तक दमकल की गाड़ी नहीं पहुंची। इससे सात एकड़ में गन्ने की फसल जल गई।
-
किसानों से अपील की है कि किसान गेहूं के अवशेषों में आग न लगाएं। गर्मी के कारण आग जल्दी फैलती है। ऐसे में जब तक दमकल की गाड़ी घटनास्थल तक पहुंचती है तब तक काफी नुकसान हो चुका है होता है। दमकल विभाग के कर्मचारी आग बुझाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं।
- प्रदीप, सब फायर ऑफिसर, फतेहाबाद।
गांव कलौठां में गेहूं के फाने जलाने के बाद खेतों में राख। स्रोत किसान